पीडीए आरक्षण घोटाले को लेकर सपा ने जारी की बुकलेट, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

-विधान परिषद सदस्य डॉ. मान सिंह यादव ने की प्रेस वार्ता

पीडीए आरक्षण घोटाले को लेकर सपा ने जारी की बुकलेट, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

प्रयागराज, 10 जून । समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्य डॉ. मान सिंह यादव ने भाजपा सरकार में आरक्षण में बड़े पैमाने पर अनियमितता का आरोप लगाया है। उन्हाेंने बुधवार को कहा कि वर्ष 2019 से 2026 के बीच हुई 22 भर्तियों में पीडीए वर्ग के अभ्यर्थियों की 11,514 आरक्षित सीटों की लूट की गई है और इन्हीं आंकड़ाें व प्रमाणों के आधार पर एक बुकलेट तैयार की गयी है।



बुधवार काे मीडिया से चर्चा करते हुए डॉ. यादव ने कहा कि सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर पार्टी "संविधान बचाओ, आरक्षण बचाओ" अभियान चलाएगी और बूथ स्तर तक कार्यकर्ता घर-घर जाकर यह बुकलेट पहुंचाएंगे। उनका कहना था कि इस अभियान का उद्देश्य जनता को यह बताना है कि भाजपा सरकार ने पीडीए समाज के युवाओं के संवैधानिक अधिकारों को कमजोर किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पीडीए आरक्षण घोटाला पार्टी का प्रमुख मुद्दा होगा।

इस अवसर पर पूर्व सांसद धर्मराज पटेल, सोरांव विधायक गीता पासी, हंडिया विधायक हाकिम लाल बिंद, पूर्व विधायक मुस्तफा सिद्दीकी, पूर्व विधायक परवेज अहमद, गंगापार जिलाध्यक्ष अनिल यादव, सपा नेता राम अवध पाल, मीडिया प्रभारी दान बहादुर मधुर सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।