महुअन टोल प्लाजा के पास रोडवेज बस पलटी; दो महिलाओं की मौत, एक दर्जन से अधिक घायल
महुअन टोल प्लाजा के पास रोडवेज बस पलटी; दो महिलाओं की मौत, एक दर्जन से अधिक घायल
मथुरा, 08 जून। थाना फरह टोल प्लाजा के निकट तेज रफ्तार रोडवेज बस सोमवार दोपहर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। जिनका स्वर्ण जयंती, जिला अस्पताल और फरह सीएससी में इलाज चल रहा है। सूचना पाकर जिला अस्पताल एवं स्वर्ण जयंती अस्पताल पहुंचे जिलाधिकारी और एसएसपी ने घायलों की कुशलक्षेम जानी।
मथुरा से सवारियां लेकर रोडवेज की अनुबंधित बस फिरोजाबाद जा रही थी। फरह के महुअन टोल के समीप दोपहर एक बजे अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और पलट गई। इस हादसे में बस में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। घटना की सूचना पर पुलिस और टोल कर्मी मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में सभी घायलों को बस से निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व जिला अस्पताल और निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चंचल कुमार पुत्री रामवीर चाहर निवासी नगला छिंगा थाना मगोर्रा, संगीता पत्नी भीमसेन निवासी आवल खेडा थाना बरहन जनपद आगरा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया जबकि भूरी देवी पत्नी राजू निवासी नैनारा जाट थाना सदर जननपद आगरा, शिवम पुत्र अनिल निवासी खेडीपुल थाना फरीदाबाद जनपद फरीदाबाद, ललिता पत्नी अनिल निवासी उपरोक्त, मन्जू पत्नी सोहन सिंह निवासी सहारा थाना मिढाकुर, जनपद आगरा, निशा रानी पत्नी हरी सिंह महावीर नगर, फिरोजाबाद, सिदिक्षा द्विवेदी पुत्री मोहित द्विवेदी निवासी, फिरोजाबाद, बेबी पत्नी बच्चू सिंह निवासी, आंवल खेडा थाना बरहन, जनपद आगरा, अजय पुत्र भूरी सिंह निवासी सैमरा, थाना खंदौली आगरा, अनीता पत्नी मेहताब सिंह निवासी खंदौली, कृष्णा शर्मा पत्नी राकेश निवासी नाई की मंडी, जिला आगरा, पूजा शर्मा पत्नी रामवीर निवासी कैण्ट आगरा, निशा पत्नी लोचन सिंह निवासी नवीन गल्ला मण्डी, आगरा जो कि गम्भीर हालत में घायल है। इनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों आला अधिकारियों ने आपातकालीन वार्ड और अन्य वार्डों का दौरा कर दुर्घटना में घायल हुए यात्रियों का कुशलक्षेम जाना और उनके स्वास्थ्य का हाल-चाल लिया। अधिकारियों ने घायलों और उनके परिजनों को ढांढस बंधाया कि प्रशासन इस संकट की घड़ी में उनके साथ है।