रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल, साथी डॉक्टर की हिरासत के विरोध में मेडिकल कॉलेज में प्रदर्शन

रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल, साथी डॉक्टर की हिरासत के विरोध में मेडिकल कॉलेज में प्रदर्शन

रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल, साथी डॉक्टर की हिरासत के विरोध में मेडिकल कॉलेज में प्रदर्शन

झांसी, 10 जून  प्रयागराज में वकीलों और डॉक्टरों के बीच हुए विवाद के बाद एक रेजिडेंट डॉक्टर को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में झांसी मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टरों ने बुधवार को मेडिकल कॉलेज परिसर में इमरजेंसी विभाग के बाहर धरना देकर अपना विरोध दर्ज कराया। डॉक्टरों का कहना है कि उनके साथी डॉ. मुनीश अली, जो सर्जरी विभाग के द्वितीय वर्ष के रेजिडेंट हैं, को रामपुर पुलिस ने बिना किसी वारंट और पूर्व सूचना के उनके निवास से हिरासत में लिया था।

रेजिडेंट डॉक्टरों के अनुसार, डॉ. मुनीश अली को हिरासत में लिए हुए 36 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक न तो उन्हें रिहा किया गया है और न ही उनकी स्थिति के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई गई है। इस घटना को लेकर डॉक्टरों में भारी नाराजगी है।

रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन (आरडीए) के पदाधिकारियों का आरोप है कि पुलिस ने केवल एक पक्ष की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की है, जबकि मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत दिए जाने के बावजूद संस्थान की ओर से दर्ज कराई जाने वाली एफआईआर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।

मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. सुधीर कुमार तथा आरडीए अध्यक्ष जसप्रीत सिंह ने इस मामले को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच और डॉ. मुनीश अली की स्थिति स्पष्ट किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब तक मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक विरोध जारी रहेगा।

हालांकि, रेजिडेंट डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि उनके आंदोलन का असर मरीजों के उपचार पर नहीं पड़ने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि ओपीडी, ऑपरेशन थिएटर (ओटी) और इमरजेंसी सेवाएं पूर्व की भांति संचालित होती रहेंगी, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। आंदोलन के दौरान बड़ी संख्या में रेजिडेंट डॉक्टर मौजूद रहे।