वाराणसी में प्रधानमंत्री मोदी करेंगे 163 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास, भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह
वाराणसी में प्रधानमंत्री मोदी करेंगे 163 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास, भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल को वाराणसी में बरेका के विशाल मैदान से 6332 करोड़ रूपये की 163 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इसमें 1054 करोड़ की 50 परियोजनाओं का लोकार्पण होना है और 5277 करोड़ की 113 परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री मोदी बरेका के मैदान से 50 हजार स्थानीय महिलाओं एवं भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। महिला सम्मेलन में महिलाओं के पहुंचने के लिए भाजपा के महानगर के पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि अपनी पूरी क्षमता से संपर्क कर रहे हैं। महिलाओं से संपर्क के कार्य में बड़ी संख्या में भाजपा की महिला पदाधिकारी भी जबरदस्त उत्साह से जुटी हुई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के उत्साह के संबंध में महानगर महामंत्री जगदीश त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब भी अपने संसदीय क्षेत्र आते हैं तो शहर को विकास ही देकर जाते हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह और उमंग भर देते हैं। इस बार प्रमुख परियोजनाएं जिसका लोकार्पण एवं शिलान्यास होना है, उसमें नगर निगम कार्यालय भवन का निर्माण, रेलवे रोड ब्रिज का निर्माण, अस्सी घाट पर पार्क का विकास, दीनदयाल अस्पताल का विस्तार, 100 बेड वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण, चौड़ीकरण नई सड़क, पेयजल सीवर नेटवर्क विस्तार, छात्रावास बाल गृह निर्माण, 24 घंटे बिजली आपूर्ति योजना शामिल हैं। विकास के नए आयाम जुड़ने जा रहे हैं।
भाजपा की पदाधिकारी साधना वेदांती और पूजा दीक्षित ने कहा कि नारी वंदन अधिनियम को प्रधानमंत्री मोदी ने सदन में पास कराने का पूरा प्रयास किया लेकिन विपक्ष की दुर्भावना के कारण ऐतिहासिक अधिनियम को हम महिलाओं के पक्ष में लाया नहीं जा सका। 28 अप्रैल को महिला सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हम महिलाओं के भविष्य को लेकर तमाम महत्वपूर्ण बातों को रखेंगे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति को लेकर डोर टू डोर संपर्क कर पंपलेट बांटकर माता बहनों को आमंत्रित किया जा रहा है।
वाराणसी के ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल और जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा भी सुबह शाम संपर्क में जुटे हुए हैं। वही, 28 अप्रैल के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल भी वाराणसी में अपनी उपस्थिति दर्ज करा स्थानीय पदाधिकारियों का हौसला बढ़ा रहे हैं।