प्रयागराज सर्विलांस-सेल ने बरामद किए 125 मोबाइल फोन

प्रयागराज सर्विलांस-सेल ने बरामद किए 125 मोबाइल फोन

 उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में नगर सर्विलांस सेल की टीम ने विभिन्न कम्पनियों के खोए हुए कुल 125 मोबाइल फोन बरामद किया। बरामद किए गए मोबाइल फोनों की कुल कीमत लगभग 25 लाख रुपये है। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने दी।

मनीष ने बताया कि बरामद किए गए सभी फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिया गया। नगर क्षेत्र से जन-सामान्य के खोए हुए मोबाइल फोन के सम्बन्ध में प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों पर गम्भीरता पूर्वक कार्यवाही करते हुए सर्विलांस-सेल नगर जोन पुलिस ने शुक्रवार को कुल 125 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया है। इन मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रूपये है। पुलिस टीम ने मोबाइल फोनों की बरामदगी के लिए तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया और कई स्थानों पर भौतिक जांच भी की । कॉल डिटेल, सी.सी.टी.वी. फुटेज, www.ceir.gov.in पोर्टल और लोकेशन ट्रैकिंग आदि जैसे आधुनिक तकनीकी साधनों का कुशलतापूर्वक उपयोग करते हुए उक्त मोबाइलाें का पता लगाया। खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाने के इस अभियान ने न केवल नागरिकों को उनकी बहुमूल्य वस्तुएं लौटाई हैं, बल्कि उनके महत्वपूर्ण निजी डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित की है। खोए हुए मोबाइल को वापस पाकर मोबाइल स्वामियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कमिश्नरेट प्रयागराज पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।