मीरजापुर : गंगा स्नान के दौरान तीन लोग डूबे,मां-बेटे काे बचाया, युवक लापता

मीरजापुर : गंगा स्नान के दौरान तीन लोग डूबे,मां-बेटे काे बचाया, युवक लापता

मीरजापुर : गंगा स्नान के दौरान तीन लोग डूबे,मां-बेटे काे बचाया, युवक लापता

मीरजापुर, 01 जुलाई । उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के दीवान घाट पर बुधवार सुबह स्नान के दौरान गंगा के गहरे पानी में जाने से तीन लाेग डूब गए।स्थानीय नाविकों और दुकानदारों की सूझबूझ से एक महिला और उसके मासूम बेटे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 18 वर्षीय युवक गंगा में लापता हो गया। उसकी तलाश में गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम तलाश में जुटी हैं।

भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के तियूरी गांव निवासी अश्वनी उर्फ अक्कू (18) अपनी मां निहाला देवी, दो भाइयों तथा मामा के परिवार के साथ दर्शन-पूजन के लिए विंध्याचल आया था। परिवार के कुल 22 सदस्य एक पिकअप और बाइकों से यहां पहुंचे थे। वाहन खड़ा करने के बाद सभी लोग दीवान घाट पर नदी में स्नान करने गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अश्वनी बार-बार बैरिकेडिंग पार कर गहरे पानी में स्नान कर रहा था। परिजनों और नाविकों द्वारा मना करने पर वह एक बार बाहर आया, लेकिन कुछ देर बाद फिर बैरिकेडिंग पार कर गहरे पानी में चला गया। तेज बहाव की चपेट में आने से वह डूबने लगा।

अश्वनी को बचाने के प्रयास में महिला संगीता देवी अपने छह वर्षीय पुत्र चंदन के साथ पानी में उतर गईं, लेकिन वाे दोनों भी डूबने लगे। इस दौरान नाविक फौजदार निषाद और दुकानदार सूरज साहनी ने तत्परता दिखाते हुए बांस और साड़ी की सहायता से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि युवक अश्वनी गहरे पानी में समां गया।

बताया गया कि नदी में लापता युवक अश्वनी के मामा परिवार सहित दर्शन के लिए विंध्याचल आए थे और उन्होंने अपनी बहन निहाला देवी को भी बुलाया था। अश्वनी के पिता हिंछ लाल घर पर ही थे। अश्वनी परिवार का बड़ा बेटा था और एक निजी कंपनी में कार्यरत था।

घटना की सूचना पर कस्बा इंचार्ज अजय कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्हाेंने बताया कि नदी में डूबे युवक की तलाश में गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम काे तलाश में लगाया गया है। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था और तलाश जारी है।