मीरजापुर को मिलेगा राष्ट्रीय जल पुरस्कार, राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित

- जल संरक्षण में देश में नंबर वन बना उत्तर प्रदेश का मीरजापुर जनपद

मीरजापुर को मिलेगा राष्ट्रीय जल पुरस्कार, राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित

मीरजापुर, 13 नवंबर । जल संरक्षण और संचयन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए उत्तर प्रदेश के मीरजापुर ने पूरे देश में परचम लहराया है।मीरजापुर जिले को राष्ट्रीय जल पुरस्कार में देश के नॉर्दर्न जोन में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। यह सम्मान 18 नवंबर को राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया जाएगा।

जल संरक्षण की दिशा में जनपद मीरजापुर ने अभूतपूर्व कार्य करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से शुरू हुए जल संचयन भागीदारी अभियान को जन आंदोलन का रूप दिया। इसके परिणामस्वरूप जिले को राष्ट्रीय स्तर पर यह गौरव हासिल हुआ है।

राष्ट्रीय स्तर पर घोषित परिणामों में उत्तर प्रदेश के मीरजापुर ने पहला, वाराणसी ने दूसरा और जालौन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है, जबकि चित्रकूट को विशेष प्रोत्साहन पुरस्कार मिलेगा। विजेता जिलों को क्रमशः दो-दो करोड़ रुपये और चित्रकूट को एक करोड़ रुपये की धनराशि प्रदान की जाएगी।

मीरजापुर के जिलाधिकारी पवन गंगवार ने गुरुवार काे बताया कि जनपद में वर्षा जल संचयन, तालाबों के पुनर्जीवन, नालों के पुनरुद्धार और सामुदायिक जल संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता दी गई थी। इसके चलते जल संरक्षण एवं संचयन में जिले काे पहला स्थान प्राप्त हुआ है। इसके चलते राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय जल पुरस्कार का सम्मान प्रदान किया जाएगा।

उन्हाेंने बताया कि जल संरक्षण में प्रदेश का नाम रोशन करने वाले अन्य जिलों में वाराणसी के डीएम सतेंद्र सिंह, जालौन के डीएम राजेश पांडेय और चित्रकूट के डीएम शिवशरणप्पा जीएन शामिल हैं