के राशि कुमार सातवीं बार एआईबी अवॉर्ड्स की जूरी में
--एआईबी अवॉर्ड्स समारोह 20 नवम्बर को लंदन में
प्रयागराज, 27 मई । प्रयागराज के के. राशि बदालिया कुमार को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करते हुए प्रतिष्ठित एआईबी लंदन अवार्ड-2026 की जूरी पैनल में शामिल किया गया। सुप्रसिद्ध रेडियो ब्रॉड कास्टर, शिक्षिका, लेखिका एवं कवयित्री के राशि को लगातार सातवीं बार लंदन, यूके स्थित एसोसिएशन फार इंटरनेशनल ब्राडकांस्टिंग की ओर से आयोजित विश्व प्रसिद्ध पुरस्कारों के लिए जूरी सदस्य चुना गया है।
एआईबी अवॉर्ड्स विश्वभर में पत्रकारिता, टेलीविजन, रेडियो और डिजिटल मीडिया प्रोडक्शन में उत्कृष्टता को सम्मानित करते हैं। इस वर्ष अंटार्कटिका को छोड़कर सभी महाद्वीपों के 19 देशों से 59 विशिष्ट जूरी सदस्यों का पैनल गठित किया गया है। अपनी खुशी व्यक्त करते हुए राशि ने कहा कि इतने प्रतिष्ठित वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि मीडिया उद्योग में कार्य को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलना अत्यंत प्रेरणादायक और उत्साहवर्धक है।
राशि ने अपने रेडियो कॅरियर की शुरुआत वर्ष 1997 में ऑल इंडिया रेडियो लखनऊ से की थी और 20 अगस्त 2000 को उत्तर प्रदेश के पहले एफएम रेडियो स्टेशन की पहली आवाज़ बनकर इतिहास रचा। वाइस आफ यूपी सम्मान से अलंकृत राशि को वर्ष 2016 में यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रतिष्ठित रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार तथा 01 लाख की नकद राशि प्रदान किया था।
के राशि कुमार इविवि के इंस्टिट्यूट आफ प्रोफेशनल स्टडी से संबद्ध हैं और सेंटर फॉर मीडिया स्टडीज़ तथा सेंटर ऑफ फूड टेक्नोलॉजी में रेडियो जर्नलिज्म एवं प्रोफेशनल प्रैक्टिसेज की फैकल्टी सदस्य के रूप में कार्यरत हैं। इससे पूर्व वह प्रयागराज में कॉर्पाेरेट रेडियो चैनलों 93.5 S FM (अब RED FM) तथा 92.7 BIG FM में प्रोग्रामिंग डायरेक्टर भी रह चुकी हैं।
प्रसारण के अतिरिक्त राशि ने साहित्य और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कविता, कथा, नॉन-फिक्शन और प्रेरणादायी साहित्य की सात पुस्तकों की रचना की है। जिनमें ए गिफ्ट एंड योर सेल्फ एंड हेल्प कम्पेनियन टू लाइफ ऐट क्रासरोड्स, फ्राम माय एटिक, पण्डोरा, टू जीरो वन, ए गिफ्ट का रिवाइज्ड 2023 का संस्करण, माइराइड ब्लूम्स तथा अप्रैल 2026 में प्रकाशित एलिसियन एंड ए ब्रिज बियांड लाइफ शामिल हैं। उनकी साहित्यिक कृतियों को विश्वभर के पाठकों से सराहना मिल रही है। एआईबी अवॉर्ड्स समारोह 20 नवम्बर 2026 को लंदन में आयोजित किया जाएगा।