अंतरजनपदीय पशु चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, आठ आरोपित गिरफ्तार
चोरी की 4 भैंसें, बिक्री से प्राप्त 90,420 रुपये और वारदात में प्रयुक्त दो वाहन बरामद
प्रयागराज, 09 जून । प्रयागराज जिले में स्थित मेजा थाना की पुलिस टीम एवं सर्विलांस सेल यमुनानगर की संयुक्त टीम ने भैंस चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा हुए मंगलवार को आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की चार भैंसें, अन्य चोरी की गई भैंसों की बिक्री से प्राप्त 90,420 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त दो चार पहिया वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि मामले में जांच के दौरान प्रकाश में आए आठ आरोपितों को भईयाँ पहाड़ी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों में मध्य प्रदेश निवासी राजबहादुर उर्फ अंकल, जफर अली , अभिषेक खान, कौशाम्बी निवासी मुस्सर अली, प्रतापगढ़ निवासी लल्लू खान एवं लालू खान, इसालत खान तथा प्रयागराज के निवासी तौफीक शामिल हैं। मेजा थाना क्षेत्र के हड़गढ़ गांव निवासी कमलेश दूबे ने सूचना दी थी कि 31 मई की रात उनकी गौशाला का ताला तोड़कर नौ भैंसें चोरी कर ली गई। इस सूचना पर मेजा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर चोरी की चार भैंसें तथा बिक्री से प्राप्त धनराशि बरामद कर ली। पुलिस ने बताया कि बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। आरोपिताें के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक पिकअप तथा एक कार बरामद की गई ।
डीसीपी ने बताया कि मेजा पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पशु चोरी करने वाले संगठित गिरोह का सफल अनावरण किया । इसके साथ ही गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार कर चोरी की चार भैंसें, बिक्री से प्राप्त नकदी तथा घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जनपद में चोरी एवं संगठित अपराध में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार सभी आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।