महानिदेशक ने ऑडिट में ओसीआर से डाटा संग्रहण पर दी प्रस्तुति
--प्रयागराज में डेटा आधारित ऑडिट पर क्षेत्रीय कार्यशाला का समापन
प्रयागराज, 13 फरवरी। प्रधान महालेखाकार (लेखापरीक्षा-1), उत्तर प्रदेश, प्रयागराज के कार्यालय में आयोजित “डेटा आधारित लेखा परीक्षा पर क्षेत्रीय कार्यशाला” के अंतिम दिन शुक्रवार को महानिदेशक प्रवीन्द्र यादव ने डेटा आधारित ऑडिट के सम्बन्ध में ओसीआर के माध्यम से डाटा संग्रहण पर एक विस्तृत प्रस्तुति दी। जिसके द्वारा संग्रहीत एवं स्वचालित डेटा निष्कर्षण के माध्यम से विभाग अधिक वित्तीय पारदर्शिता प्राप्त कर सकता है तथा जोखिमों की अधिक प्रभावी पहचान संभव हो सकेगी।
तत्पश्चात भारत के अपर उप नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (उत्तरी क्षेत्र) रवींद्र पट्टर द्वारा डेटा एनालिटिक्स, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) एवं मशीन लर्निंग (एमएल) जैसे आधुनिक उपकरणों का उपयोग सरकारी लेखा परीक्षा में किये जाने के सम्बन्ध में अपने विचार व्यक्त करते हुए इस पद्धति के उपयोग में अग्रणी रहे प्रधान महालेखाकार लेखापरीक्षा प्रथम उत्तर प्रदेश कार्यालय का उत्साहवर्धन किया।
मीडिया प्रभारी राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि समापन कार्यक्रम में सुरेंद्र कुमार, महालेखाकार ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम सम्पन्न होने पर वरिष्ठ उप महालेखाकार प्रशासन प्रोमी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।