“हर घर तक स्वच्छ जल पहुंचाना नगर निगम की प्राथमिकता” : महापौर
“हर घर तक स्वच्छ जल पहुंचाना नगर निगम की प्राथमिकता” : महापौर
प्रयागराज, 27 मई । नगर निगम का लक्ष्य शहर के प्रत्येक नागरिक तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है और इसी दिशा में रामबाग क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान के लिए वार्ड संख्या-43 में बड़े नलकूप की स्थापना की जा रही है। उक्त बातें बुधवार को मीडिया से वार्ता करते हुए प्रयागराज महापौर गणेश केसरवानी ने कहीं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पूरी होने के बाद 1000 से अधिक घरों को नियमित रूप से स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
नगर निगम प्रयागराज की ओर से आज़ाद स्क्वायर क्षेत्र अंतर्गत सेवा समिति विद्या मंदिर परिसर में नए बड़े नलकूप का शिलान्यास महापौर गणेश केसरवानी द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और गर्मी के मौसम में पानी की बढ़ती आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए नगर निगम लगातार पेयजल सुविधाओं को मजबूत करने का कार्य कर रहा है।
महापौर ने कहा कि नगर निगम केवल विकास कार्य नहीं कर रहा, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी जलापूर्ति, सड़क, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
क्षेत्रीय पार्षद रितेश मिश्रा ने कहा कि रामबाग क्षेत्र में लंबे समय से बेहतर जलापूर्ति की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नए नलकूप के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और गर्मी के मौसम में पेयजल संकट की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।
कार्यक्रम में मुकेश कसेरा, रूद्र सेन जायसवाल, संदीप संगम, बाबुल श्रीवास्तव, सुभाष शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। वहीं महाप्रबंधक (जलकर) कुमार गौरव तथा अधिशासी अभियंता (जलकर) समेत विभागीय अधिकारियों ने परियोजना के तकनीकी पहलुओं की जानकारी देते हुए कार्य को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा करने का भरोसा दिलाया।
नगर निगम द्वारा किए जा रहे इस प्रकार के विकास कार्यों को क्षेत्रवासियों ने शहर के समग्र विकास और बेहतर नागरिक सुविधाओं की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।