नारी शक्ति के सम्मान से ही समृद्ध समाज का निर्माण संभव : जसजीत कौर
नारी शक्ति के सम्मान से ही समृद्ध समाज का निर्माण संभव : जसजीत कौर
बिजनौर, 08 मार्च | उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनाैर की जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में आज विकास भवन में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया और महिला सशक्तीकरण की दिशा में संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।
इस कार्यक्रम में लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) भी देखा गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि नारी शक्ति के सम्मान से ही समृद्ध समाज का निर्माण संभव है। उन्हाेंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस प्रशासन, खेल और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन करते हुए जिलाधिकारी ने उनके कौशल की सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना और बैंकिंग कॉरस्पोंडेंट (BC) सखी योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और हेल्पलाइन नंबरों (1090, 181, 112) के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर जनपद की 10 प्रेरणादायी महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने गरीबी एवं विभिन्न कठिनाइयों का सामना करते हुए अपने परिवार का सफलतापूर्वक पालन-पोषण किया है। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों पुलिस, एनआरएलएम, चिकित्सा विभाग, आईसीडीएस आदि की 2-2 महिला कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को लैपटॉप, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप ट्रैक सूट वितरित किए गए। साथ ही महिला कल्याण विभाग की विभिन्न इकाइयों जैसे वन स्टॉप सेंटर, हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन , चाइल्ड वेलफेयर कमेटी , चाइल्ड हेल्पलाइन में कार्यरत महिला कर्मियों को उनके सराहनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं भारी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं।