बहराइच: डीसीएम और ट्रेलर की टक्कर में दो चालक जिंदा जले
बहराइच: डीसीएम और ट्रेलर की टक्कर में दो चालक जिंदा जले
बहराइच, 27 अप्रैल । उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले में रविवार देर रात को डीसीएम और ट्रेलर की भिंड़त हो गयी। हादसे में दो वाहन चालकों की जिंदा जलकर ही मौत हो गई। ट्रेलर का खलासी गम्भीर रूप से जख्मी हो गया, जिसका उपचार चल रहा है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची दरगाह थाना पुलिस और फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पाया।
थानाध्यक्ष रामाज्ञा सिंह ने बताया कि ट्रेलर चालक की पहचान प्रयागराज निवासी जीतलाल यादव के रूप में हुई है। डीसीएम चालक की पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि डीसीएम सीमें लदी थी, जो नानपारा जा रही थी जबकि ट्रेलर कृषि मशीनरी लेकर बहराइच की ओर जा रहा था। राजमार्ग के पास एक पिकअप वाहन को बचाने के चक्कर में डीसीएम और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई,जिससे चालक केबिन में फंस गए और जिन्दा जलकर दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर फायर बिग्रेड और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया, लेकिन तब तक चालाकों की मृत्यु हो चुकी थी। हादसे के बाद सड़क पर वाहनों का लंबा जाम लग गया। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर ट्रैफिक बहाल कराया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।--------------