प्रधानमंत्री मोदी के काशी आगमन से पहले भाजपा का स्वच्छता अभियान
प्रधानमंत्री मोदी के काशी आगमन से पहले भाजपा का स्वच्छता अभियान
वाराणसी, 27 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के काशी आगमन से एक दिन पहले सोमवार को भाजपा के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छता अभियान चलाया। भाजपा के महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मलदहिया स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल चौराहा पर स्वच्छता अभियान चलाया। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने सर्वप्रथम लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा का जलाभिषेक कर उसे स्वच्छ किया। इसके पश्चात उन्होंने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद महानगर अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हाथों में झाड़ू थामकर पूरे मलदहिया चौराहे और उसके आस-पास के क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क किनारे जमा कचरे को हटाया गया।
स्वच्छ काशी, सुंदर काशी, स्वच्छ भारत, सुंदर भारत के नारे को लेकर आगे बढ़ते हुए उत्तरी विधान सभा क्षेत्र अंतर्गत धूपचंडी मंडल में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल और उनके साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता अभियान के तहत राम कटोरा चौराहे से लहुराबीर रोड तक तथा आस - पास के क्षेत्र में झाड़ू लगाकर सफाई किया।
वाराणसी दक्षिणी के विधायक डॉक्टर नीलकंठ तिवारी ने लहुराबीर पर चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर स्वच्छता अभियान चलाया। वहीं भाजपा के महानगर के सक्रिय कार्यकर्ताओं ने कचहरी स्थित बाबा साहेब पार्क में प्रतिमा को स्वच्छ किया और स्वच्छता अभियान चलाकर पार्क को चमकाया। एमएलसी और जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने ग्रामीण क्षेत्र में तो वहीं महापौर अशोक तिवारी ने शहरी क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान चलाया।