काशी विश्वनाथ धाम में गूंजा "वंदे मातरम", युवाओं ने 'आतंकवाद-भारत छोड़ो' लगाए नारे
काशी विश्वनाथ धाम में गूंजा "वंदे मातरम", युवाओं ने 'आतंकवाद-भारत छोड़ो' लगाए नारे
वाराणसी,11 नवंबर । उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ धाम परिसर में मंगलवार को भारत माता के सम्मान में युवाओं ने तिरंगा लेकर "वंदे मातरम" का सामूहिक गान किया। नमामि गंगे की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं ने आतंकवाद -भारत छोड़ो के जमकर नारे लगाए।
"वंदे मातरम" का सामूहिक गान में महिलाओं के साथ बच्चों और दरबार में आए शिवभक्तों ने भी भागीदारी की। धाम परिसर में भारत माता की प्रतिमा के सम्मुख राष्ट्रीय गीत गाने के बाद बाबा विश्वनाथ से आतंकवाद के जड़ मूल से विनाश की गुहार लगाई गई। इस दौरान नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने बताया कि श्री काशी विश्वनाथ धाम देशभक्ति और उत्साह के अद्भुत संगम से लवरेज रहा । राष्ट्रगीत केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की एकता, सम्मान और स्वतंत्रता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि बाबा दरबार से आतंकवाद भारत छोड़ो का संदेश देकर आतंक के जड़ मूल से विनाश का आशीर्वाद मांगा है । आयोजन में सुमन शर्मा, राजवीर सिंह, भरत व्यास, सुबोध मेहरा, महर्षि योगी वेद विज्ञान विद्यापीठ के बटुकों ने भी भागीदारी की।