11 अक्टूबर से विंध्याचल में नवरात्र मेला, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों से मंदिर तक बढ़ेगी निगरानी

डीएम पवन कुमार गंगवार और एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने तैयारियों की समीक्षा कर संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल, गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग और लाइफ गार्ड तैनात करने के निर्देश दिए।

11 अक्टूबर से विंध्याचल में नवरात्र मेला, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों से मंदिर तक बढ़ेगी निगरानी

मीरजापुर, 01 अक्टूबर। शारदीय नवरात्र मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी। 11 अक्तूबर से शुरू होने वाले मेले को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने विंध्याचल में अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों को भीड़ वाले और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने पुलिस अधिकारियों से मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने को कहा। गंगा घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग के साथ पर्याप्त लाइफ गार्ड की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जलस्तर को देखते हुए श्रद्धालुओं के स्नान के लिए सुरक्षित स्थान निर्धारित करने को भी कहा गया।

मंदिर परिसर, परिक्रमा पथ और प्रमुख गलियों में भीड़ नियंत्रण के साथ विद्युत सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। विद्युत सुरक्षा दल से पूरे मेला क्षेत्र की जांच कराकर एनओसी लेने के निर्देश दिए गए, ताकि विद्युत स्पर्शघात जैसी घटना की आशंका न रहे। अग्निशमन विभाग को सभी उपकरणों की जांच कर उन्हें दुरुस्त रखने को कहा गया।

आपात स्थिति से निपटने के लिए विंध्याचल रेलवे स्टेशन के गेट नंबर एक पर एंबुलेंस तैनात रखने के निर्देश दिए गए। खोया-पाया केंद्र स्थापित करने और मेला क्षेत्र में अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी सूची मोबाइल नंबर सहित उपलब्ध कराने को भी कहा गया।

बैठक के बाद डीएम और एसपी ने विंध्याचल मंदिर, परिक्रमा पथ और गलियों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी तैयारियां मेला शुरू होने से पहले पूरी करने के निर्देश दिए।