देवघर के डढ़वा घाट पर छठ महापर्व की दिखी भव्यता, डीसी-एसपी समेत अधिकारियों को किया गया सम्मानित

देवघर के डढ़वा घाट पर छठ महापर्व की दिखी भव्यता, डीसी-एसपी समेत अधिकारियों को किया गया सम्मानित

देवघर के डढ़वा घाट पर छठ महापर्व की दिखी भव्यता, डीसी-एसपी समेत अधिकारियों को किया गया सम्मानित

देवघर, 16 नवंबर । डढ़वा नदी छठ घाट पर छठ महापर्व के अवसर पर आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. सुनील खवाड़े ने घाट पर छठ पूजा समिति की ओर से निर्मित भव्य सूर्य मंडप का विधि-विधान के साथ पूजन किया। इसके बाद फीता काटकर मंडप का उद्घाटन किया। मंडप में भगवान सूर्य की आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई थी, जहां श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर देवघर के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, एसडीओ रवि कुमार, एसडीपीओ कुलदीप कुमार एवं जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार भी पहुंचे। डॉ. सुनील खवाड़े ने समिति की ओर से सभी अधिकारियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। अधिकारियों ने छठ पूजा समिति के बेहतर आयोजन और व्यवस्थाओं की सराहना की।

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए डॉ. सुनील खवाड़े ने कहा कि डढ़वा नदी घाट पर छठ महापर्व की अलौकिक छटा हर किसी को सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक शांति प्रदान करती है। उन्होंने भगवान सूर्य एवं छठी मैया से देवघरवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की कामना की।

उन्होंने कहा कि समिति के सदस्य पिछले 15 दिनों से आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए थे। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए हर जरूरी इंतजाम किया गया था। समिति का पूरा आयोजन सराहनीय रहा है और हर वर्ष इस आयोजन की भव्यता एवं लोकप्रियता में लगातार वृद्धि हो रही है।

मौके पर समिति के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा, वीरेंद्र सिंह, आशुतोष कुमार जिम्मी, वार्ड पार्षद भूषण दुबे, जवाहर सिंह, रूपाश्री, राहुल सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद थे।