भैया दूज पर साल में सिर्फ एक दिन खुले भगवान चित्रगुप्त मंदिर के कपाट, दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु
वाराणसी के दारानगर स्थित 1903 में निर्मित प्राचीन चित्रगुप्त मंदिर में कायस्थ समाज के लोगों ने विधि-विधान से पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
वाराणसी, 11 नवंबर। उत्तर प्रदेश की धर्मनगरी वाराणसी के कोतवाली क्षेत्र स्थित दारानगर में भगवान चित्रगुप्त का प्राचीन मंदिर भैया दूज के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए खोला गया। वर्ष में केवल एक दिन मंदिर के कपाट खुलने की परंपरा के चलते बुधवार सुबह से ही भगवान चित्रगुप्त के दर्शन-पूजन के लिए स्थानीय श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। खासकर कायस्थ समाज के लोगों ने मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
वर्ष 1903 में निर्मित यह मंदिर अपनी विशिष्ट धार्मिक परंपरा और ऐतिहासिक विरासत के लिए जाना जाता है। स्थानीय निवासी रायमयी प्रसाद श्रीवास्तव ने बताया कि इस मंदिर का निर्माण उनके पूर्वजों ने कराया था। मंदिर का कायस्थ समाज के लोगों के लिए विशेष धार्मिक और पारिवारिक महत्व है। उन्होंने बताया कि पहले दीपावली के अवसर पर मंदिर के कपाट लगातार तीन दिनों तक खोले जाते थे लेकिन समय के साथ परंपरा में बदलाव आया और अब मंदिर वर्ष में केवल भैया दूज के दिन ही श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोला जाता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भैया दूज पर भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है। इस अवसर पर श्रद्धालु भगवान से परिवार की सुख-समृद्धि, सद्बुद्धि और सर्वकल्याण की प्रार्थना करते हैं। मान्यता है कि इस दिन सच्चे मन से की गई प्रार्थना भगवान चित्रगुप्त अवश्य सुनते हैं। वर्ष में केवल एक दिन खुलने वाले इस प्राचीन मंदिर में भैया दूज पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ न केवल लोगों की अटूट आस्था को दर्शाती है, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही धार्मिक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का भी प्रतीक है।