मिर्जापुर–झिंगुरा रेलखंड में मिट्टी धंसी, एहतियातन 6 ट्रेनों के बदले रूट

तीसरी रेल लाइन निर्माण के दौरान हुई घटना के बाद रेलवे प्रशासन सतर्क, यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील

मिर्जापुर–झिंगुरा रेलखंड में मिट्टी धंसी, एहतियातन 6 ट्रेनों के बदले रूट

प्रयागराज, 11 नवंबर । मिर्जापुर–झिंगुरा रेलखंड के मध्य तीसरी रेल लाइन के निर्माण कार्य के दौरान मिट्टी धंसने की घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने संरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती कदम उठाए हैं। इसके तहत 10 नवंबर 2026 को संचालित होने वाली छह ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित किए गए हैं। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ट्रेनों का संचालन सुचारु बनाए रखना है। परिवर्तित मार्ग से चलने वाली ट्रेनों में गाड़ी संख्या 15076 भी शामिल है। यह ट्रेन प्रयाग जंक्शन, प्रयागराज रामबाग, फाफामऊ, जंघई, वाराणसी जंक्शन और चुनार के रास्ते संचालित की जाएगी।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 12424, 22824, 12314, 12302 और 12310 का मार्ग भी बदला गया है। ये सभी ट्रेनें प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज रामबाग, बनारस और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) के परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएंगी।

यात्रा से पहले जानकारी लेने की अपील

उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि मिर्जापुर–झिंगुरा रेलखंड में निर्माण कार्य के दौरान मिट्टी धंसने की घटना को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। रेलवे प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और संरक्षित रेल परिचालन के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठा रहा है।

उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन के मार्ग में हुए परिवर्तन की जानकारी रेलवे की अधिकृत सूचना सेवाओं से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।