यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 25 से 29 सितंबर तक दिखेगी प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता
लोक नृत्य, शास्त्रीय संगीत, कथक, भजन और स्टार नाइट होंगे आकर्षण; प्रयागराज समेत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के कलाकार देंगे प्रस्तुतियां।
नोएडा, 19 सितंबर । उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने के उद्देश्य से आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 25 से 29 सितंबर तक विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश सरकार के प्रयासों से आयोजित इस ट्रेड शो में देश-विदेश से आने वाले उद्यमियों, निवेशकों और आगंतुकों को उत्तर प्रदेश की समृद्ध लोक कला, शास्त्रीय संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक परंपराओं से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
उत्तर प्रदेश सूचना विभाग के अनुसार, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत 25 सितंबर को शंख वादन और वैदिक मंगलाचरण से होगी। वाराणसी के विशाल कुमार की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इसके बाद नोएडा के पं. चेतन जोशी वाद्य संगीत प्रस्तुत करेंगे। लखनऊ की अलोकनिशा श्रीवास्तव कथक नृत्य, प्रयागराज की पूर्णिमा ढेढ़िया लोक नृत्य और वृंदावन की आरती खेतपाल भजन की प्रस्तुति देंगी।
26 सितंबर को पखावज युगल, भोजपुरी लोक गायन और कथक के साथ मथुरा का लोक नृत्य तथा स्टार नाइट मुख्य आकर्षण होंगे। पखावज युगल में दिल्ली के पं. रविशंकर उपाध्याय और पं. ऋषि शंकर उपाध्याय प्रस्तुति देंगे। भोजपुरी लोक गायन में मिर्जापुर की कुसुम पांडेय और जौनपुर के अवनीश तिवारी प्रस्तुति देंगे। नोएडा की मर्यादा कुलश्रेष्ठ कथक नृत्य प्रस्तुत करेंगी, जबकि मथुरा की सीमा मावल लोक नृत्य और सुल्तानपुर की निष्ठा शर्मा स्टार नाइट में प्रस्तुति देंगी।
27 सितंबर को सैक्सोफोन वाद्य संगीत और भजन-लोक गायन के साथ झांसी का राई लोक नृत्य, भरतनाट्यम और स्टार नाइट का आयोजन होगा। वहीं, 28 सितंबर को भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय, लखनऊ का परकशन एन्सेंबल कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगा। इसके अलावा महोबा के जितेंद्र चौरसिया आल्हा गायन प्रस्तुत करेंगे। कथक, पीलीभीत का थारू जनजातीय नृत्य और सुल्तानपुर की रूपाली जोग्गू की सूफी नाइट भी आयोजित होगी।
29 सितंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का समापन वाराणसी के पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्रा के सितार वादन से होगा। इसके बाद लखनऊ के कमाल खान गजल गायन, गाजियाबाद की मिताली सैनी कथक तथा ‘कथक ऑफ इंडिया/यूपी’ की कोरियोग्राफ्ड प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम के अंत में स्टार नाइट का आयोजन किया जाएगा।
ट्रेड शो में प्रदेश के विभिन्न अंचलों की लोक कलाओं और शास्त्रीय परंपराओं को मंच मिलने से उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा। काशी, मथुरा, वृंदावन, बुंदेलखंड, अवध, पूर्वांचल और तराई क्षेत्र के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की बहुरंगी सांस्कृतिक विरासत से देश-विदेश से आए आगंतुकों को परिचित कराएंगे।
औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को कला, संस्कृति और उद्यमिता के संगम के रूप में प्रस्तुत करेंगे। विभिन्न विधाओं के कलाकारों की प्रस्तुतियां ट्रेड शो में आने वाले निवेशकों, उद्यमियों और दर्शकों के लिए उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को सामने लाने का माध्यम बनेंगी।-----------