प्रयागराज STF की मिर्जापुर में बड़ी कार्रवाई, ट्रक से 198 किलो गांजा बरामद; कीमत करीब 50 लाख रुपये
कोयले के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही थी गांजे की खेप; जबलपुर निवासी मोहम्मद शाकिर बक्स गिरफ्तार, NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज।
प्रयागराज, 19 सितंबर। उत्तर प्रदेश एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड यूनिट ने शनिवार को मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। टीम ने मिर्जापुर जिले के मड़िहान क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए उसके कब्जे से 198 किलोग्राम गांजा बरामद किया। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त एक ट्रक, एक मोबाइल फोन और 750 रुपये नकद भी बरामद किया है।
पुलिस उपाधीक्षक एसटीएफ शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित मध्य प्रदेश के जबलपुर जनपद के न्यू आनंद नगर, आधारताल निवासी मोहम्मद शाकिर बक्स पुत्र महबूब आलम है।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि अंतरराज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के सदस्य गांजे की बड़ी खेप लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह, एसटीएफ फील्ड यूनिट प्रयागराज के निर्देशन में टीम ने मड़िहान क्षेत्र में निगरानी शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध अशोक लीलैंड ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक के पिछले हिस्से में कोयले के नीचे छिपाकर रखे गए बोरे मिले। जांच करने पर इनमें गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपित ने एसटीएफ को बताया कि वह गांजे की खेप को प्रयागराज और आसपास के जिलों में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जा रहा था। ट्रक में कोयले की आड़ में गांजा छिपाकर लाया गया था। एसटीएफ के मुताबिक आरोपी पहले भी मादक पदार्थों की आपूर्ति कर चुका है।
एसटीएफ ने बताया कि बरामद ट्रक मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी एक व्यक्ति के नाम पंजीकृत है। आरोपी के खिलाफ मड़िहान थाने में मुकदमा अपराध संख्या 228/2026, धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस कर रही है।