उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों के लिए संवेदनशील : ब्रजेश पाठक
उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों के लिए संवेदनशील : ब्रजेश पाठक
लखनऊ, 26 जुलाई । उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को लखनऊ पीजी कॉलेज सभागार में 'मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना' का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य-दोनों क्षेत्रों में संवेदनशील है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना' उच्च शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षकों एवं उनके परिवारों के सम्मान और स्वास्थ्य सुरक्षा की दृष्टि से ऐतिहासिक पहल है।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह योजना प्रदेश के 1.28 लाख से अधिक उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों एवं उनके आश्रित परिवारजनों को 5 लाख रुपये तक की निःशुल्क, गुणवत्तापूर्ण एवं कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। यह पहल शिक्षकों के स्वास्थ्य सुरक्षा कवच को और सशक्त बनाते हुए उनके सम्मान एवं कल्याण के प्रति सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य-दोनों क्षेत्रों में संवेदनशील, समर्पित एवं जनहितकारी निर्णयों के माध्यम से प्रदेश को नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर कर रही है। स्वस्थ शिक्षक, सशक्त शिक्षा ही विकसित उत्तर प्रदेश की मजबूत नींव है।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, प्राचार्य, नेशनल पीजी कॉलेज प्रो. देवेंद्र कुमार सिंह, सीडीओ प्रफुल्ल शर्मा, जिला नोडल अधिकारी उच्च शिक्षा प्रो. शिवानी श्रीवास्तव एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।