स्वराज भवन पहुंचे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, शाम को छात्रों से करेंगे संवाद
छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के माध्यम से सरकार को घेरने की पूरी तैयारी
प्रयागराज, 08 अगस्त । कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शनिवार दोपहर बाद प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से वह सीधे स्वराज भवन(आनंद भवन) गए। जहां उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात की। स्वराज भवन पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया। स्वराज भवन वही ऐतिहासिक स्थान है, जहां पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जन्म हुआ था। वर्तमान में यहां नेहरू-गांधी परिवार और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी स्मृतियां एवं सामग्री संग्रहालय के रूप में सुरक्षित हैं।
राहुल गांधी शाम छह बजे केपी कॉलेज मैदान में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से भारी संख्या में छात्रों के शामिल होने की बात कही गई है। कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम के लिए दो लाख से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है।
प्रयागराज के वरिष्ठ कांग्रेस नेता किशोर वार्ष्णेय ने कहा कि राहुल गांधी का छात्रों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सीधे सुनना महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और शिक्षा से जुड़े सवालों के जवाब चाहता है। राहुल गांधी छात्रों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं को समझेंगे और उनके मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में राहुल गांधी का कार्यक्रम युवाओं में नई ऊर्जा पैदा करेगा।
उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, नीट से जुड़े विवाद और छात्रों पर कार्रवाई जैसे मुद्दे आज युवाओं के लिए महत्वपूर्ण हैं। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रही है।
‘राहुल गांधी से सरकार और भाजपा के लोग डरे हुए हैं’
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर प्रदेश सरकार और भाजपा में घबराहट है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने युवाओं और छात्रों के हित में पर्याप्त काम नहीं किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार युवाओं की आवाज उठा रहे हैं और इसी कारण सरकार उनके कार्यक्रमों को लेकर चिंतित है।
अजय राय ने कहा कि राहुल गांधी से पूरी सरकार डर गई है। भाजपा के लोग घबराए हुए हैं, क्योंकि उन्होंने बच्चों और देशहित में कोई काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि छात्रों के रोजगार, भर्ती परीक्षाओं और शिक्षा से जुड़े सवालों को राहुल गांधी मजबूती से उठाएंगे।
राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए केपी कॉलेज मैदान में लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से पंडाल तैयार किए जाने की जानकारी कांग्रेस की ओर से दी गई है। पंडाल के पिछले हिस्से में वीआईपी लाउंज बनाया गया है। वीआईपी मेहमानों के लिए आठ स्टॉल भी तैयार किए गए हैं। मैदान में आने वाले छात्रों के लिए चाय-पानी की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम को लेकर शहर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से पोस्टर भी लगाए गए हैं। इनमें ‘जॉब नहीं मिलेगा तो सिंहासन हिलेगा’ जैसे नारे लिखे गए हैं।
इससे पूर्व 2024 में स्वराज भवन पहुंचे थे राहुल गांधी
राहुल गांधी इससे पूर्व फरवरी 2024 में अपनी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान स्वराज भवन पहुंचे थे। वहीं, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने 17 जून को राजस्थान के कोटा से की थी। इसके बाद 17 जुलाई को देहरादून में भी छात्रों और युवाओं से संवाद किया था। प्रयागराज में होने वाले कार्यक्रम में भी राहुल गांधी युवाओं और छात्रों से सीधे बातचीत कर उनके सवाल सुनेंगे।