राज्यसभा उम्मीदवार बने राधाकांत ओझा, प्रयागराज में भाजपा कार्यकर्ताओं और अधिवक्ताओं में खुशी की लहर

इलाहाबाद हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व बार एसोसिएशन अध्यक्ष राधाकांत ओझा को भाजपा ने राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव-2026 के लिए उम्मीदवार बनाया।

राज्यसभा उम्मीदवार बने राधाकांत ओझा, प्रयागराज में भाजपा कार्यकर्ताओं और अधिवक्ताओं में खुशी की लहर

प्रयागराज, 05 अक्टूबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राधाकांत ओझा को राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव-2026 के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। सोमवार को भाजपा की ओर से उम्मीदवारों की सूची जारी होने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और अधिवक्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने राधाकांत ओझा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

उम्मीदवार घोषित होने की सूचना मिलने के बाद राधाकांत ओझा सबसे पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय पहुंचे। इसके बाद वह सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां भाजपा काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता और महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया।

इस अवसर पर राधाकांत ओझा ने कहा कि वह भाजपा संगठन के बूथ स्तर के कार्यकर्ता रहे हैं। संगठन ने समय-समय पर उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपी, उसका उन्होंने पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन किया। राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और निष्ठा के बल पर संगठन के उच्च पद तक पहुंच सकता है। पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का वह पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी और विजय हासिल करेगी।

राधाकांत ओझा ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता जिम्मेदारी से कभी पीछे नहीं हटता। उन्होंने भी संगठन की ओर से मिली किसी जिम्मेदारी से कभी स्वयं को अलग नहीं किया। संगठन की दृष्टि में प्रत्येक कार्यकर्ता महत्वपूर्ण है और समय आने पर उसे उसकी योग्यता के अनुसार जिम्मेदारी मिलती है। उन्होंने कहा कि वह अधिवक्ताओं के हितों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सदैव मजबूती से खड़े रहेंगे।

इस दौरान डॉ. शैलेश पांडेय, विक्रमजीत सिंह भदौरिया, आनंद सोनकर, प्रमोद मोदी, दीप द्विवेदी, राजेश गोंड, विवेक मिश्रा, पवन श्रीवास्तव, शुभम सिंह, दिलीप चौरसिया और अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------