रानी दुर्गावती के शौर्य और बलिदान को युगों तक याद किया जाएगा: संजय गुप्ता
प्रयागराज में भाजपा की संगोष्ठी में रानी दुर्गावती की वीरता, संघर्ष और मातृभूमि की रक्षा के लिए दिए बलिदान को किया गया याद।
प्रयागराज, 05 अक्टूबर । गोंडवाना साम्राज्य की महान वीरांगना रानी दुर्गावती को उनकी वीरता, साहस और मातृभूमि की रक्षा के लिए किए गए बलिदान के लिए युगों तक याद किया जाएगा। उन्होंने अपने राज्य की रक्षा के लिए मुगल आक्रमणकारियों का वीरतापूर्वक मुकाबला किया और उनके सामने झुकने से इनकार कर दिया। यह बात भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रयागराज महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने सोमवार को सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में रानी दुर्गावती की जयंती पर आयोजित संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में कही।
संजय गुप्ता ने कहा कि रानी दुर्गावती ने अपने गोंडवाना राज्य और समाज की रक्षा के लिए अदम्य साहस का परिचय दिया। उन्होंने मुगलों के सामने आत्मसमर्पण करने के बजाय वीरतापूर्वक संघर्ष करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। रानी दुर्गावती ने नारी सशक्तीकरण का भी महत्वपूर्ण उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को ऐसी महान वीरांगनाओं के जीवन, संघर्ष और त्याग से परिचित कराना हम सभी की जिम्मेदारी है।
अनुसूचित जनजाति मोर्चा के महानगर अध्यक्ष राजेश गोंड ने कहा कि रानी दुर्गावती जैसी वीरांगनाएं युगों में जन्म लेती हैं। उन्होंने अपने साहस और पराक्रम से मातृशक्ति की वीरता का उदाहरण प्रस्तुत किया।
डॉ. शैलेश पांडेय ने रानी दुर्गावती के जीवन और उनके कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके संघर्ष और योगदान को याद किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. धर्मेंद्र गौड़ ने किया।
संगोष्ठी का आयोजन भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की ओर से किया गया। इससे पहले रानी दुर्गावती के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष आनंद सोनकर, अमित गोंड, मो. शरीफ, राम नरेश गोंड, पार्षद प्रवीण भारती, रामलला गोंड, अनिल विश्वकर्मा, मोहित गुप्ता, पूजा गोंड और बजरंग बहादुर गोंड सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।