प्रयागराज में अगले 12 घंटे गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश के आसार, बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रयागराज समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई। 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं, कुछ क्षेत्रों में गति 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान।
प्रयागराज, 18 सितंबर । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और आसपास के क्षेत्राें में अगले बारह घंटों में कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के चलने की संभावना है। यह पूर्वानुमान शुक्रवार को भारत मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ केन्द्र ने जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रयागराज, मीरजापुर, सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, बलिया, आजमगढ़, मऊ, अंबेडकरनगर, देवरिया, अयोध्या, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, गोंडा, सिद्धार्थनगर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम खराब हो सकता है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और कुछ स्थानों पर हवा की गति 50 किमी. प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
कानपुर चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, मानसून की विदाई से पहले वातावरण में नमी और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण गरज-चमक के साथ बारिश की स्थिति बन रही है। उन्होंने कहा कि अगले कुछ घंटों में प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों में जाने से बचना चाहिए।
मौसम विभाग के नाउकास्ट (पूर्वानुमान) में प्रयागराज समेत कई जिलों के लिए 30-40 किमी. प्रति घंटे की हवा के साथ बिजली चमकने और मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं कुछ क्षेत्रों में हल्की गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
डॉ. पांडेय ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। आकाशीय बिजली के समय पेड़, बिजली के खंभे और खुले मैदान से दूर रहना सुरक्षित रहेगा। किसानों को भी मौसम को देखते हुए खेतों में जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।