अनावश्यक चेन पुलिंग पर प्रयागराज मंडल की सख्ती, 8 महीने में 2,528 गिरफ्तार; कानपुर सेंट्रल सबसे आगे
रेलवे सुरक्षा बल के विशेष अभियान में 1 जनवरी से 31 अगस्त 2026 तक कार्रवाई की गई। जून में सबसे ज्यादा 397 मामले सामने आए, जबकि कानपुर सेंट्रल में 392 लोगों पर कार्रवाई हुई।
प्रयागराज, 07 सितंबर । ट्रेनों के सुरक्षित और समयबद्ध संचालन में बाधा डालने वाली अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग (एसीपी) के खिलाफ प्रयागराज मंडल ने सख्ती बढ़ा दी है। रेलवे सुरक्षा बल की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक जनवरी 2026 से 31 अगस्त 2026 तक 2528 लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
रेलवे के मुताबिक, अलार्म चेन की सुविधा यात्रियों की सुरक्षा के लिए वास्तविक आपात स्थिति में दी गई है। बिना उचित कारण चेन खींचने से ट्रेन को अनावश्यक रूप से रोकना पड़ता है। इससे ट्रेनों का समयपालन प्रभावित होता है और अन्य यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जून में सबसे अधिक मामले
आंकड़ों के अनुसार, जनवरी में 274, फरवरी में 244, मार्च में 341, अप्रैल में 318, मई में 386, जून में 397, जुलाई में 289 और अगस्त में 279 लोगों को अनावश्यक चेन पुलिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इनमें जून में सबसे अधिक 397 मामले सामने आए।
कानपुर सेंट्रल में सबसे अधिक कार्रवाई
रेलवे सुरक्षा बल के विभिन्न पोस्टों की कार्रवाई में कानपुर सेंट्रल 392 गिरफ्तारियों के साथ सबसे आगे रहा। इसके बाद टूंडला में 250, इटावा में 199, अलीगढ़ में 191, प्रयागराज जंक्शन में 182, फतेहपुर में 170 और नैनी में 162 लोगों पर कार्रवाई की गई।
अन्य प्रमुख स्टेशनों में फफूंद में 139, मिर्जापुर में 136, प्रयागराज छिवकी में 95, मानिकपुर में 90, सूबेदारगंज में 85, शिकोहाबाद में 82, फिरोजाबाद में 64, चुनार में 55, जीएमसी में 51, दादरी में 50, हाथरस में 48, खुर्जा में 44, पनकी धाम में 25 और कानपुर अनवरगंज में 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
रेल प्रशासन लगातार ऐसे मामलों की निगरानी कर रहा है। अनावश्यक रूप से अलार्म चेन खींचने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अलार्म चेन का इस्तेमाल केवल वास्तविक आपात स्थिति में ही करें।
जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि ट्रेनों के सुरक्षित और समयबद्ध संचालन में यात्रियों का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि अलार्म चेन यात्रियों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण व्यवस्था है, इसलिए इसका इस्तेमाल केवल आपात स्थिति में किया जाना चाहिए। बिना कारण चेन खींचने से न केवल संबंधित ट्रेन का परिचालन प्रभावित होता है, बल्कि पीछे चल रही अन्य ट्रेनों पर भी इसका असर पड़ सकता है। उन्होंने यात्रियों से नियमों का पालन करने और रेल यात्रा को सुरक्षित व सुगम बनाने में रेलवे प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।