गिरोह के चार चाेर गिरफ्तार, कटर मशीन समेत अन्य सामान बरामद
गिरोह के चार चाेर गिरफ्तार, कटर मशीन समेत अन्य सामान बरामद
प्रयागराज, 17 अगस्त । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित करैली थाने की पुलिस टीम ने चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते सोमवार को चार लोगों को गिरफ्तार किया । पुलिस टीम ने आरोपितों के कब्जे से कटर मशीन, रिचार्जेबल एलईडी लाइट, बर्फ तोड़ने की मशीन, सीलिंग पंखे, कूलर की मोटर, करीब ढाई किलोग्राम तांबे का तार समेत चोरी में इस्तेमाल और चोरी किया गया सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपितों में तीन झारखंड के साहेबगंज जिले के रहने वाले हैं, जबकि सभी वर्तमान में करैली क्षेत्र की अलग-अलग बस्तियों में रह रहे थे।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में झारखंड के साहेबगंज जनपद के राजमहल थाना क्षेत्र के कोयला बाजार निवासी नमरूल शेख उर्फ पोरे , मो. चांद , उपरोक्त थाना क्षेत्र के लखीमपुर फुलवरिया गांव निवासी किस्मत शेख उर्फ मुस्तकीम और प्रयागराज के करेली थाना क्षेत्र झुग्गी झोपड़पट्टी निवासी सेना खान है। पकड़े सभी आरोपित करेली थाना क्षेत्र में अलग अलग स्थानों पर रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार, करैली थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 168/2026 में वांछित आरोपितों की तलाश की जा रही थी। सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली कि मामले से जुड़े चार आरोपी बक्शी पुल के आगे एलिना सिटी के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी सच्चिदानंद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर लिया। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से एक कटर मशीन, तीन रिचार्जेबल एलईडी लाइट, एक रम्मा, दो बर्फ तोड़ने वाली मशीनें मोटर सहित, पांच सीलिंग पंखे बिना ब्लेड के, एक मोटर का पिछला हिस्सा, बर्फ तोड़ने वाली मशीन का एक गोल रिंग हैंडल, दो कूलर मोटर, करीब 2.5 किलोग्राम तांबे का तार और एक ठेलिया बरामद की है।
मो. चांद पर पहले से सात मुकदमे
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों में मो. चांद का आपराधिक इतिहास सबसे लंबा है। उसके खिलाफ करैली और खुल्दाबाद थानों में चोरी, चोरी का माल रखने, सेंधमारी तथा अन्य धाराओं में कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। नमरूल शेख के खिलाफ दो, जबकि किस्मत शेख के खिलाफ भी दो मुकदमे दर्ज हैं। सेना खान के खिलाफ फिलहाल इसी मामले का मुकदमा दर्ज बताया गया है।