मेधावी छात्रों को मिली ₹22-22 हजार की छात्रवृत्ति, आलोक कुमार वर्मा बोले- मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच से मिलेगी सफलता
ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में स्वर्गीय चंद्रन बहादुर स्मृति छात्रवृत्ति-2026 समारोह हुआ। कक्षा 10 के रुद्रांश ओझा और कक्षा 9 की प्रियांशी सिंह को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
प्रयागराज, 10 सितंबर । जीवन में सफलता केवल प्रतिभा के बल पर नहीं, बल्कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच से प्राप्त होती है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ना चाहिए। यह बातें गुरुवार को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के अधिवक्ता एवं समारोह के मुख्य अतिथि आलोक कुमार वर्मा ने ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, गंगापुरी, रसूलाबाद के रज्जू भैया सभागार में आयोजित स्वर्गीय चंद्रन बहादुर स्मृति छात्रवृत्ति-2026 समारोह में कहीं।
समारोह में कक्षा 10 के छात्र रुद्रांश ओझा और कक्षा 9 की छात्रा प्रियांशी सिंह को उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए 22,000-22,000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आलोक कुमार वर्मा, कार्यक्रम अध्यक्ष उत्तर मध्य सांस्कृतिक केंद्र, प्रयागराज की सलाहकार डॉ. कल्पना सहाय, विशिष्ट अतिथि सुरुचि चंद्रन बहादुर, अधिवक्ता इलाहाबाद उच्च न्यायालय, अनीता वर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यालय प्रबंध समिति के प्रबंधक राकेश सिंह सेंगर, अध्यक्ष च्यवन भार्गव तथा प्रधानाचार्य बांके बिहारी पाण्डेय ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्पार्चन कर किया।
विद्यालय के अध्यक्ष च्यवन भार्गव ने कहा कि स्वर्गीय चंद्रन बहादुर की स्मृति में उनकी बहन इला बहादुर द्वारा प्रदान की जाने वाली यह छात्रवृत्ति विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती है। प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहन मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में समाज तथा राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं डॉ. कल्पना सहाय ने कहा कि स्वर्गीय चंद्रन बहादुर की स्मृति में शुरू की गई यह छात्रवृत्ति मेधावी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। विद्यार्थियों की उपलब्धि उनके परिवार, विद्यालय और समाज के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने दोनों विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रधानाचार्य बांके बिहारी पाण्डेय ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि उन्हें संस्कारवान, अनुशासित और राष्ट्रहित के प्रति जागरूक नागरिक बनाना भी है। उन्होंने छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले दोनों विद्यार्थियों को अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
आभार ज्ञापन विद्यालय के प्रबंधक राकेश सिंह सेंगर ने किया। संचालन आचार्य सरोज सिंह ने किया। समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम और उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करने के संकल्प के साथ हुआ।