PM मोदी के 25 साल के सेवा संकल्प को घर-घर पहुंचाएगी BJP, अमरनाथ यादव बोले- जनभागीदारी बढ़ाएं कार्यकर्ता

सिविल लाइंस स्थित भाजपा जिला कार्यालय में सेवा संकल्प अभियान की जिला कार्यशाला आयोजित हुई। कार्यकर्ताओं को सेवा, राष्ट्रनिर्माण और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की जिम्मेदारी दी गई।

PM मोदी के 25 साल के सेवा संकल्प को घर-घर पहुंचाएगी BJP, अमरनाथ यादव बोले- जनभागीदारी बढ़ाएं कार्यकर्ता

प्रयागराज, 07 सितंबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाएगी। अभियान के माध्यम से सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाएगा।

यह बात भाजपा प्रयागराज यमुनापार के जिला प्रभारी अमरनाथ यादव ने सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय, सिविल लाइंस में आयोजित जिला कार्यशाला में कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से भाजपा कार्यकर्ता आम नागरिकों के सुख-दुख में साथ खड़े होकर समाज और राष्ट्र की सेवा करते हैं। प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनावी दायित्व हो या शासन की जिम्मेदारी, निरंतर जनसेवा और जनकल्याण को प्राथमिकता दी गई है।

जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है। उन्होंने कहा कि अभियान केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रहे, बल्कि इसमें अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। सेवा और राष्ट्रनिर्माण का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

कार्यशाला में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। इनमें ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘बड़नगर से काशी, काशी से बड़नगर’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’, ‘रंगोली राष्ट्र—घर-घर से राष्ट्र तक’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट’ शामिल हैं। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि कार्यशाला में कोरांव विधायक राजमणि कोल, ब्लॉक प्रमुख, नगर पंचायत अध्यक्ष एवं प्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी तथा अभियान के संयोजक रत्नाकर सिंह पटेल और सह-संयोजक उपस्थित रहे।