प्रयागराज: 21 हजार दीपों से जगमगाया बरगद घाट, मां यमुना की भव्य महाआरती में उमड़े श्रद्धालु

प्रयागराज: 21 हजार दीपों से जगमगाया बरगद घाट, मां यमुना की भव्य महाआरती में उमड़े श्रद्धालु

प्रयागराज: 21 हजार दीपों से जगमगाया बरगद घाट, मां यमुना की भव्य महाआरती में उमड़े श्रद्धालु

प्रयागराज, 20 नवंबर। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में देवोत्थान एकादशी पर शुक्रवार को बरगद घाट मीरापुर में 21 हजार दीपों की रोशनी से मां कालिंदी का तट जगमगा उठा। दीपों से सजे घाट पर मां यमुना की भव्य महाआरती की गई। महिलाओं और बच्चों ने पूरे घाट को दीपों और आकर्षक रंगोलियों से सजाया। दीप प्रज्ज्वलित होते ही घाट का नजारा अद्भुत हो गया। इस दौरान आतिशबाजी ने भी उत्सव की छटा बिखेरी।

मां यमुना मैया आरती समिति बरगद घाट मीरापुर की ओर से अध्यक्ष अभिषेक ठाकुर के संयोजन में हनुमान मंदिर परिसर में डिठवन दीपोत्सव ज्योति पर्व का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर गणेश केसरवानी, व्यापारी नेता विदुप अग्रहरि, समिति अध्यक्ष अभिषेक ठाकुर और प्रवक्ता राजेश केसरवानी ने मां यमुना की पूजा-अर्चना और 251 पीठों की आरती माला के साथ भव्य महाआरती कर किया।

इस अवसर पर उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रद्धा भारती एंड ग्रुप के कलाकारों ने भजन, गीत, लोकगीत और ढेड़िया नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं और दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के समापन पर समिति अध्यक्ष अभिषेक ठाकुर ने सभी कलाकारों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर देवेंद्र सिंह चंदेल, गोपेश रमणी, अखिलेश श्रीवास्तव, सत्येंद्र शर्मा, दिलीप गुप्ता, हरिमोहन मालवीय, भोले मालवीय, जगमोहन मेहरोत्रा, आशीष श्रीवास्तव, रचना वर्मा, अमित शुक्ला, विनीता केसरवानी, पूनम चौरसिया, तरु यादव और संजना सक्सेना सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

---------------