प्राचीन मंदिरों के विकास से बदलेगी प्रयागराज की धार्मिक पर्यटन तस्वीर, 6 करोड़ से चार स्थलों का कायाकल्प

पर्यटन विभाग पथरबंधी महादेवालय, भोलेगिरि, बोलन महादेव और घीनपुर के प्राचीन शिवाला मंदिर में सुविधाओं व सौंदर्यीकरण के काम करा रहा है।

प्राचीन मंदिरों के विकास से बदलेगी प्रयागराज की धार्मिक पर्यटन तस्वीर, 6 करोड़ से चार स्थलों का कायाकल्प

प्रयागराज, 06 अक्टूबर । तीर्थराज प्रयागराज के प्राचीन धार्मिक स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने का काम तेजी से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पर्यटन विभाग की ओर से पथरबंधी महादेवालय, अति प्राचीन भोलेगिरि मंदिर, प्राचीन बोलन महादेव मंदिर और घीनपुर स्थित प्राचीन शिवाला मंदिर का विकास और सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। चारों मंदिरों में करीब छह करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं।

इन परियोजनाओं का उद्देश्य मंदिरों की प्राचीन पहचान और धार्मिक महत्व को सुरक्षित रखते हुए श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इससे इन कम चर्चित प्राचीन धार्मिक स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

सुविधाओं के साथ संवारा जा रहा परिसर

पर्यटन विभाग की ओर से मंदिर परिसरों में बहुउद्देशीय हॉल, यात्री शेड, स्वागत द्वार और गलियारे विकसित किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए प्लेटफार्म और आरसीसी बेंच बनाई जा रही हैं। परिसर में आवागमन को सुगम बनाने के लिए स्टैम्प फ्लोरिंग वाले पाथवे तैयार किए जा रहे हैं।

मंदिरों को आकर्षक बनाने के लिए सजावटी प्रकाश व्यवस्था और बागवानी का काम भी कराया जा रहा है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए साइनेज और दिशासूचक बोर्ड लगाए जा रहे हैं। कुछ स्थानों पर हॉल का नवीनीकरण, भित्ति चित्र और शिवलिंग के लिए बलुआ पत्थर के मेहराब भी तैयार किए जा रहे हैं। इन कार्यों से मंदिरों के पारंपरिक स्वरूप को बनाए रखते हुए परिसर को अधिक व्यवस्थित और आकर्षक बनाया जा रहा है।

पर्यटन अधिकारी अपराजिता सिंह ने बताया कि प्रयागराज के प्राचीन धार्मिक स्थलों को उनकी ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहचान के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ मंदिर परिसरों के सौंदर्यीकरण और हरित क्षेत्र विकसित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन कार्यों से स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इससे प्रयागराज में धार्मिक पर्यटन को और विस्तार मिलने की उम्मीद है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा है कि सरकार प्रदेश के प्राचीन और महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित कर रही है। प्रयागराज के इन मंदिरों में हो रहे कार्य इसी अभियान का हिस्सा हैं।