प्रयागराज में 25 दिसंबर से शुरू होगा महापौर कप, 25 खेलों की प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों को मिलेगा मौका
पांच जनवरी 2027 तक शहर के विभिन्न खेल मैदानों और परिसरों में होंगे मुकाबले; महापौर गणेश केसरवानी ने कहा- स्थानीय खेल प्रतिभाओं को मिलेगा सशक्त मंच
प्रयागराज, 25 नवंबर । महापौर कप का उद्देश्य प्रयागराज की खेल प्रतिभाओं को सशक्त मंच प्रदान करना, युवाओं में खेल भावना विकसित करना और शहर को खेल गतिविधियों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। यह बातें बुधवार को महापौर गणेश केसरवानी ने नगर निगम के स्मार्ट सिटी हॉल में आयोजित बैठक में कहीं। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी लोगों से आपसी समन्वय के साथ प्रतियोगिताओं को सफल और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की अपील की।

महापौर की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि महापौर कप खेल प्रतियोगिता का आयोजन 25 दिसंबर 2026 से पांच जनवरी 2027 तक किया जाएगा। शहर के विभिन्न खेल मैदानों और खेल परिसरों में होने वाली प्रतियोगिताओं में कुल 25 खेल विधाओं को शामिल किया गया है। इससे अलग-अलग खेलों के खिलाड़ियों को अपनी क्षमता और प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

प्रतियोगिता में दौड़, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, क्रिकेट, कैरम, शतरंज, फुटबॉल, जिम्नास्टिक, लॉन टेनिस, टेबल टेनिस, स्केटिंग, कबड्डी, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी, खो-खो, कयाकिंग, कैनोइंग, कराटे, जूडो, ताइक्वांडो, पैरा एथलेटिक्स, कुश्ती, योग और तैराकी जैसी खेल विधाओं को शामिल किया गया है।

बैठक में नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा, अपर नगर आयुक्त आदाब असलम, पार्षद आशीष द्विवेदी, आयोजन सचिव सहित विभिन्न खेलों के सचिव और खेल जगत से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने प्रतियोगिताओं के बेहतर संचालन और आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव दिए।
इस अवसर पर लॉन टेनिस सचिव ऋषि शर्मा, कयाकिंग से मानस मिश्रा, एथलेटिक्स से सतेंद्र सिंह, योग से दीप्ति माहेश्वरी, बृजेश कुमार और यशस्वी शुक्ला सहित विभिन्न खेलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।