प्रयागराज में 261 दिव्यांग बच्चों को बांटे गए सहायक उपकरण, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य ने किया वितरण
फाफामऊ के हथिगहां में आयोजित शिविर में बच्चों को व्हीलचेयर, तिपहिया साइकिल, श्रवण यंत्र और टीएलएम किट समेत कई उपकरण दिए गए
प्रयागराज, 25 नवंबर । दिव्यांग बच्चों में भी अपार प्रतिभा और क्षमताएं हैं। आवश्यकता उन्हें उचित अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने की है। उनकी शिक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। यह बात बुधवार को फाफामऊ के विधायक गुरु प्रसाद मौर्य ने फाफामऊ क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय हथिगहां में आयोजित सहायक उपकरण वितरण शिविर में कही। शिविर में गंगापार क्षेत्र के विभिन्न विकास खंडों के 261 दिव्यांग बच्चों को 352 सहायक उपकरण वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक गुरु प्रसाद मौर्य और विशिष्ट अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिविर का आयोजन जिला समन्वयक समेकित शिक्षा विकास पाण्डेय के संयोजन में किया गया।
विधायक गुरु प्रसाद मौर्य ने कहा कि शासन की कल्याणकारी योजनाएं दिव्यांग बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से बच्चों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों को उनकी जरूरत के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि वे भी अपनी प्रतिभा का विकास कर सकें।
जिला समन्वयक विकास पाण्डेय ने बताया कि सितंबर 2026 में आयोजित परीक्षण एवं मापन शिविर में एलिम्को कानपुर की तकनीकी टीम ने बच्चों की दिव्यांगता के प्रकार और उनकी आवश्यकताओं के अनुसार सहायक उपकरणों के लिए चयन किया था। उसी क्रम में बुधवार को चयनित बच्चों को उपकरण उपलब्ध कराए गए।
वितरित उपकरणों में 18 तिपहिया साइकिल, 61 व्हीलचेयर, तीन सीपी चेयर, तीन ब्रेल किट, 124 शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) किट, तीन सुगम्य छड़ी, 82 श्रवण यंत्र और 29 बैसाखियां शामिल हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को सशक्त बनाकर शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र बच्चे को उसकी जरूरत के अनुसार संसाधन उपलब्ध हों, जिससे वह बिना किसी बाधा के शिक्षा प्राप्त कर सके। सहायक उपकरण बच्चों की शारीरिक कठिनाइयां कम करने के साथ उनके आत्मविश्वास और स्वावलंबन को भी बढ़ाते हैं। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर देने की अपील की।
विकास पाण्डेय ने कहा कि दिव्यांग बच्चों की जरूरतों का समय से आकलन कर उन्हें उपयुक्त उपकरण उपलब्ध कराना समावेशी शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विभाग का प्रयास है कि कोई भी पात्र बच्चा शैक्षिक सुविधाओं और सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने और उपलब्ध कराए गए उपकरणों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में पार्षद आरती मौर्य ने सहयोग किया। शिविर के सफल आयोजन में प्रधानाध्यापक जय सिंह और विनय कुमार का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर अनिल पाण्डेय, रघुवंश, जय प्रकाश शुक्ला सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विशेष शिक्षक, अभिभावक और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। सहायक उपकरण मिलने पर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह दिखाई दिया। अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की।