एनसीसी कैडेट्स ने कैंप में किया अनुशासन व समर्पण का उत्कृष्ट प्रदर्शन : रितु श्रीवास्तव रावत
-आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की नई प्रेरणा लेकर रवाना हुए एनसीसी कैडेट्स, शिविर का हुआ समापन
प्रयागराज, 23 जुलाई । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एनसीसी कैडेट्स ने 10 दिवसीय कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप के दौरान अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया है। कैडेट्स ने बहुत कुछ सीखा है और उन्हें यह सब काम आएगा।
यह विचार गुरुवार को शिविर समापन के मौके पर कमांडिंग ऑफिसर कर्नल रितु श्रीवास्तव रावत ने व्यक्त किए। उन्होंने कैडेट्स से एनसीसी के आदर्श वाक्य "एकता और अनुशासन" को जीवन में अपनाते हुए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से देश सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना है। उन्होंने कैडेट्स को आगामी आईजीसी टीएससी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उत्तर प्रदेश डायरेक्टरेट टीम में चयन हेतु अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। दस दिनों तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स ने ड्रिल, हथियार संचालन, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट, शारीरिक प्रशिक्षण, बायोमेट्रिक उपस्थिति, सांस्कृतिक गतिविधियों, सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों तथा नेतृत्व, टीमवर्क और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रक्षा मंत्रालय, प्रयागराज के जनसंपर्क अधिकारी एवं प्रवक्ता विंग कमांडर देबार्थो धर ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और राष्ट्रीय चेतना को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। 15 यूपी बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित 10 दिवसीय कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप का गुरुवार को भव्य समापन समारोह के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समापन समारोह में कैडेट्स के अनुशासन, प्रशिक्षण और व्यक्तित्व विकास की उपलब्धियों की सराहना की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ कैंप कमांडेंट के स्वागत भाषण से हुआ। समापन अवसर पर कमांडिंग ऑफिसर कर्नल रितु श्रीवास्तव रावत ने कैंप के दौरान उत्कृष्ट अनुशासन, समर्पण और उत्साह प्रदर्शित करने के लिए सभी कैडेट्स को बधाई दी। समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स एवं विजेता टीमों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने समारोह को यादगार बना दिया, जिसकी उपस्थित अतिथियों ने सराहना की।
समापन समारोह का अंत सभी कैडेट्स, एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर्स, परमानेंट इंस्ट्रक्शनल स्टाफ और अतिथियों की सामूहिक फोटो के साथ हुआ। कार्यक्रम धन्यवाद ज्ञापन तथा "भारत माता की जय" और "15 बीएन की जय" के उत्साहपूर्ण नारों के साथ संपन्न हुआ। कैंप से लौटते समय कैडेट्स अपने साथ प्रशिक्षण के अमूल्य अनुभव, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की नई प्रेरणा लेकर रवाना हुए।