हत्या के मामले में जेल जा चुके इमरान को गोली मारी, अस्पताल में उपचार के दौरान मौत
जेवर थाना क्षेत्र में देर रात हुई वारदात, परिजनों ने पुरानी रंजिश में हत्या का लगाया आरोप; पुलिस ने केस दर्ज कर जांच और आरोपितों की तलाश शुरू की
नोएडा, 08 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के जनपद गाैतमबुद्धनगर नोएडा में हत्या के मामले में जेल गए एक व्यक्ति की बीती रात को गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में मृतक के परिजनों ने कुछ लोगों को नामित करते हुए थाना जेवर में मुकदमा दर्ज करवाया है।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि सात अक्टूबर की देर रात इमरान (40) पुत्र सफी मोहम्मद को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिस के अधिकारियों ने जांच की। जांच के दौरान ज्ञात हुआ कि इमरान वर्ष 2021 में हत्या के एक मामले में जेल गया था। उसके परिजनों ने पुलिस से शिकायत की है कि पुरानी रंजिश को लेकर उसकी हत्या की गई है। सुबोध ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस की टीमें गठित कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।