मीरजापुर में तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से 18 वर्षीय बाइक सवार की मौत, परिवार में मचा कोहराम
मीरजापुर में तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से 18 वर्षीय बाइक सवार की मौत, परिवार में मचा कोहराम
मीरजापुर, 17 नवंबर उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में मड़िहान थाना क्षेत्र स्थित देवरी कला गांव के सामने मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
जिगना थाना क्षेत्र के सिंधुरिया, कलना विजयपुर निवासी मो. वैश्य मंगलवार सुबह घर से बाइक लेकर निकला था। दोपहर करीब एक बजे वह मीरजापुर-सोनभद्र मुख्य मार्ग पर देवरी कला गांव के सामने पहुंचा, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची मड़िहान पुलिस ने राहगीरों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्रभारी चिकित्सक डॉ. राधेश्याम वर्मा ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल की हालत गंभीर देख मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
मृतक के बड़े भाई मो. शाहिद ने बताया कि मो. वैश्य तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह परिवार के कामकाज में हाथ बंटाता था। वहीं बेटे की माैत से गमजदा पिता मो. सिराज बेटे को याद कर बार-बार बिलख पड़ रहे। उन्होंने कहा कि बुढ़ापे में अब उनका सहारा कौन बनेगा। मां और अन्य परिजनों का भी रो-रोकर हाल बेहाल है। मड़िहान थानाध्यक्ष नवीन कुमार तिवारी ने बताया कि सड़क हादसे में युवक की मौत हुई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।