लखनऊ सड़क हादसे में आठ साल की बच्ची समेत दो की मौत
लखनऊ सड़क हादसे में आठ साल की बच्ची समेत दो की मौत
लखनऊ, 21 नवंबर उत्तर प्रदेश की राजधानी में लखनऊ में दो अलग-अलग थानाक्षेत्र में दो सड़क हादसे हुए। एक हादसा मलिहाबाद थानाक्षेत्र में हुआ, जहां दो कारें आपस में टकरा गई। इस घटना में एक बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई। पांच लोग घायल है। वहीं, दूसरी घटना बीबीडी क्षेत्रान्तर्गत किसान पथ की है। यहां पर डंपर और ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक क्लीनर की मृत्यु हो गई, जबकि चालक के घायल है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाकर मामले की जांच शुरू कर दी।
मलिहाबाद के थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह भाटी ने बताया कि ओमनी कार में सवार लोग लखनऊ के रहीमाबाद ग्राम दौलतपुर में शादी समारोह में शामिल होकर रात को ही अपने घर उन्नाव लौट रहे थे। मलिहाबाद के पुरवा गांव के पास उनकी कार की टक्कर एक अन्य कार से हो गई। दुर्घटना में ओमिनी कार के चालक रामजी उर्फ अमित कुमार एवं आठ साल की बच्ची प्रिया की मौत हो गई। जबकि कार में सवार लखनऊ के रहीमाबाद निवासी दयावती, लखनऊ की सरोज कुमारी, किशोरी दीपांशी और उन्नाव का किशोर आशिक, आनंद घायल हो गये। दुर्घटना के बाद होण्डा सिटी कार का चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी मलिहाबाद भिजवाया। नियमानुसार पंचायतनामा भरकर शवों के पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। फरार होण्डा सिटी कार चालक की पहचान एवं तलाश के लिए टीम को लगाया गया है।
किसान पथ पर सड़क हादसा, क्लीनर की मौत बीबीडी थानाक्षेत्र में शनिवार की सुबह किसान पथ पर सलारगंज मोड़ के निकट ओवरब्रिज के पास ट्रक और डंपर की टक्कर हो गई। हादसे में बस्ती निवासी क्लीनर खुर्शीद अहमद की मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक जमालुद्दीन घायल हो गया। पुलिस ट्रक चालक को अस्पताल में भर्ती कराते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई।