सावन के आखिरी सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब
सावन के आखिरी सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब
कानपुर, 24 अगस्त । सावन मास के आखिरी सोमवार पर शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देर रात से ही भक्त लंबी कतारों में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। रात करीब दो बजे मंगला आरती के बाद मंदिरों के पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए। सुबह होते-होते मंदिरों के आसपास भक्तों की भीड़ और बढ़ गई। अनुमान के मुताबिक शहर के प्रमुख शिवालयों में कई लाख श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके हैं।
परमट स्थित आनंदेश्वर महादेव मंदिर, जाजमऊ के सिद्धनाथ महादेव, नवाबगंज के जागेश्वर महादेव, शिवराजपुर के खेरेश्वर महादेव, बिठूर के वनखंडेश्वर महादेव और शिवाला स्थित प्रयाग नारायण शिवालय में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालु कतारों में खड़े होकर बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए अपनी बारी का इंतजार करते रहे। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंजते रहे।
आखिरी सोमवार होने के चलते कांवड़ियों की भी बड़ी संख्या मंदिरों में पहुंची। कांवड़िये गंगा से जल लेकर शिवालयों में पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया। कई श्रद्धालुओं ने दूध, बेलपत्र, फूल और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर बाबा का पूजन किया। मंदिरों में भक्तों के लिए प्रसाद वितरण के साथ कई स्थानों पर भंडारे और लंगर का भी आयोजन किया गया।
भीड़ को देखते हुए मंदिरों में व्यवस्था संभालने के लिए वालेंटियर्स के साथ पुलिस टीमों को तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराया जा रहा है। मंदिर परिसरों और आसपास के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिये निगरानी की जा रही है, ताकि भीड़ के बीच किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर घाटों पर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। पूर्व में हुई घटनाओं को ध्यान में रखते हुए घाटों के किनारे बांस-बल्लियां लगाकर लोगों को गहरे पानी की ओर जाने से रोका जा रहा है। गोताखोरों के साथ जल पुलिस की भी तैनाती की गई है। पुलिस और सुरक्षा कर्मी लगातार घाटों पर नजर बनाए हुए हैं।
सोमवार सुबह शहर के कई हिस्सों में छिटपुट बारिश भी हुई। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था पर मौसम का कोई असर दिखाई नहीं दिया। बारिश के बीच भी भक्त मंदिरों की ओर जाते और कतारों में खड़े होकर दर्शन का इंतजार करते नजर आए।
मंदिर के पुजारी मन्नी लाल ने बताया कि सावन के आखिरी सोमवार पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे हैं। सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भीड़ बनी हुई है। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है।