पहले सैफई सिंडिकेट का था प्रभाव, अब सभी को योजनाओं का मिल रहा है लाभ : मुख्यमंत्री याेगी

पहले सैफई सिंडिकेट का था प्रभाव, अब सभी को योजनाओं का मिल रहा है लाभ : मुख्यमंत्री याेगी

पहले सैफई सिंडिकेट का था प्रभाव, अब सभी को योजनाओं का मिल रहा है लाभ : मुख्यमंत्री याेगी

रायबरेली, 24 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को रायबरेली में कहा कि पहले बिजली, राशन, नौकरियों में सैफई सिंडिकेट हावी था। अब सभी को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। पहले उत्तर प्रदेश कर्फ़्यू प्रदेश के नाम से जाना जाता था। अब पूरी दुनिया से निवेश आ रहा है। पहले मिड डे मील सपा के गुंडे खा जाते थे। अब बिना भेदभाव के सभी को लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री सोमवार को रायबरेली के फ़िरोज़ गांधी मैदान में 879 करोड़ की परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास के अवसर पर एक जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि जितने आवास व शौचालय कांग्रेस व सपा अपने पूरे कार्यकाल में नहीं बना पाई, उससे दोगुना हमने नाै सालों में कर दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राजीव गांधी कहते थे कि 85 प्रतिशत पैसा लोग खा जाते हैं। ये खाने वाले कांग्रेसी व सपाई ही हैं। विकास आज की आवश्यकता है जिसे कांग्रेस ने लोगों से वंचित कर रखा था। मुख्यमंत्री ने कहा कि रायबरेली में पहले वीआईपी के नाम पर बदहाली, अभाव व गरीबी थी। अब इसकी पहचान इसकी समृद्धता है। रेल कोच फैक्ट्री जो वर्षों से बदहाल थी, अब उत्पादन के कीर्तिमान बना रही है। बिना किसी भेदभाव के सभी को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। अब रायबरेली अपने विकास के लिए जाना जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रायबरेली और अमेठी कांग्रेस के लिए वोटबैंक हुआ करता है लेकिन हमारे लिए जिमेदारी है। उन्होंने कहा कि रायबरेली अब न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश मे जाना जाता है।

सपा व कांग्रेस नेताओं पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस नेताओं पर जमकर निशाना साधा। उन्हाेंने कहा कि ये बाबरी भक्त हैं। इनके आचरण से पता चलता है कि इनके मुख में राम और बगल में छुरी है। इनसे सावधान रहने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल युवा पीढ़ी को बरगला रहे हैं। वह मनु को अपमानित कर रहे हैं।अर्थववेद, शतपथब्राह्मण, मत्स्य पुराण आदि में जिसका उल्लेख है, उन मनु को राहुल गांधी लगातार अपमानित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल को समझना चाहिए कि कालगणना की रचना ही मनु ने की थी। हमें अपनी विरासत को किसी को अपमानित नहीं करने देना है। सपा पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव प्रभु श्री राम के ही विरोधी हैं। उन्हें हमारी परंपरा से नफ़रत है। मनोज पांडे को केवल इसलिए पार्टी से निकाल दिया कि उन्होंने अयोध्या जाकर प्रभु श्री राम के दर्शन कर लिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन व हमारी विरासत को अपमानित करने वालों से सावधान रहने की आवश्यकता है। इस अवसर पर कैबिनेट व प्रभारी मंत्री राकेश सचान, मंत्री मनोज पांडे, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह, विधायक अदिति सिंह, अशोक कोरी, एमएलसी उमेश द्विवेदी, इंजीनियर अवनीश सिंह, जिला पंचायत प्रशासक रंजना चौधरी समेत जनसमूह की माैजूदगी रही।