रूस में कानपुर के इंजीनियर को हिरासत में लेने का दावा, पत्नी ने PM मोदी-CM योगी से लगाई मदद की गुहार
रूस में कानपुर के इंजीनियर को हिरासत में लेने का दावा, पत्नी ने PM मोदी-CM योगी से लगाई मदद की गुहार
कानपुर, 07 सितंबर। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के चंदन गुप्ता के रूस में हिरासत में होने का दावा करते हुए उनकी पत्नी स्नेहा गुप्ता ने साेमवार काे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की गुहार लगाई है। मास्को में अपने 10 साल के बच्चे के साथ रह रहीं स्नेहा का कहना है कि पति को जबरन रूसी सेना में भेजे जाने का डर सता रहा है।
रूस में इंजीनियर की नौकरी करने गए कानपुर के चंदन गुप्ता को हिरासत में लिए जाने का मामला सामने आया है। उनकी पत्नी स्नेहा गुप्ता ने वीडियो जारी कर पति को सुरक्षित भारत वापस लाने की अपील की है। इस घटना को लेकर शहर में चर्चा है कि मामला दक्षिण जोन का है। स्नेहा के मुताबिक, देर रात करीब 12 बजे रूसी पुलिस उनके पति चंदन गुप्ता को अपने साथ ले गई। इसके बाद से उन्हें पति के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। पीड़िता का कहना है कि उनके पति ने ऐसा कोई काम नहीं किया है, जिसके चलते उन्हें हिरासत में लिया जाए।
पति की सलामती को लेकर चिंतित स्नेहा मास्को में अपने 10 साल के बच्चे के साथ परेशान हैं। उन्हें डर है कि कहीं उनके पति को जबरन रूसी सेना में न भेज दिया जाए। वीडियो में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की अपील करते हुए पति को सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है। स्नेहा ने बताया कि वह भारतीय दूतावास से भी लगातार संपर्क कर रही हैं, लेकिन अब तक उन्हें कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। रूसी भाषा नहीं जानने के कारण भी उन्हें वहां काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, इस मामले में पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि उन्हें इस तरह के किसी मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा कोई मामला है तो इसकी जानकारी कराई जा रही है।