सत्य निकेतन हादसे पर कांग्रेस का धरना, देवेंद्र यादव बोले- ‘भ्रष्ट तंत्र जिम्मेदार’; MCD कमिश्नर के इस्तीफे की मांग

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में 5 मंजिला PG इमारत ढहने के मामले में दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने घटना स्थल पर धरना दिया। उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और मृतक-घायल छात्रों को न्याय देने की मांग की।

सत्य निकेतन हादसे पर कांग्रेस का धरना, देवेंद्र यादव बोले- ‘भ्रष्ट तंत्र जिम्मेदार’; MCD कमिश्नर के इस्तीफे की मांग

नई दिल्ली, 07 सितंबर । दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि दक्षिण पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन में 5 मंजिला पीजी की इमारत ढहने के लिए दिल्ली में भ्रष्ट तंत्र जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि पीजी की इमारत ढहने में 7 बच्चों की मौत हो चुकी है और 12 को सुरक्षित निकाला गया। न्याय की मांग को लेकर घटना स्थल पर धरने पर बैठे प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि जब तक दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती और घायल और मृतक छात्रों को न्याय नही मिलता सरकार के खिलाफ कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा। देवेंद्र यादव ने मांग की कि सत्या निकेतन में 5 मंजिला इमारत ढहने की जिम्मेदारी लेते हुए दिल्ली नगर निगम आयुक्त इस्तीफा दें।

धरने पर प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव के साथ एनएसयूआई अध्यक्ष विनोद जाखड़, प्रदेश उपाध्यक्ष तस्वीर सौलंकी, निगम में सदन के पूर्व नेता जितेंद्र कुमार कोचर, जिला अध्यक्ष महिंद्र मंगला, महासचिव शांति स्वरुप, पूर्व पार्षद हिरन टोकस, अनिल मलिक, गरवित सिंघवी और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

देवेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री अधिकारियों को जिम्मेदार ठहरा रही है, जो कोई नई बात नही है। हर घटना के बाद सरकार अपनी जिम्मेदारी और कर्तव्य निभाने की जगह आरोप लगा रही है जबकि भ्रष्टाचार मिटाने और सुव्यवस्थित प्रशासन देने का दावा भाजपा ने किया था। उन्होंने कहा कि सत्या निकेतन क्षेत्र में पार्षद, विधायक, सांसद, मेयर, स्थायी समिति के अध्यक्ष और जोन अध्यक्ष सब भाजपा के ही हैं और इनके निर्देश और आदेश पर अधिकारी काम करते हैं।