दशहरा से पहले कल्याणी देवी क्षेत्र का होगा कायाकल्प, 30 सितंबर तक पूरे होंगे विकास कार्य : गणेश केसरवानी

दशहरा से पहले कल्याणी देवी क्षेत्र का होगा कायाकल्प, 30 सितंबर तक पूरे होंगे विकास कार्य : गणेश केसरवानी

दशहरा से पहले कल्याणी देवी क्षेत्र का होगा कायाकल्प, 30 सितंबर तक पूरे होंगे विकास कार्य : गणेश केसरवानी

प्रयागराज, 05 अगस्त । दशहरा से पहले कल्याणी देवी क्षेत्र का संपूर्ण विकास कार्य पूरा कराया जाएगा। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी और जलभराव जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान हमारी प्राथमिकता है।" यह बात महापौर गणेश केसरवानी ने बुधवार को कल्याणी देवी मंदिर क्षेत्र एवं बाई का बाग में चल रहे विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान कही।

महापौर ने नगर निगम अधिकारियों के साथ सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और स्पष्ट निर्देश दिए कि कल्याणी देवी मंदिर परिसर एवं आसपास के सभी विकास कार्य 30 सितंबर 2026 तक हर हाल में पूरे कर लिए जाएं, ताकि दशहरा महोत्सव के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने मंदिर परिसर, मंदिर से केनरा बैंक मार्ग, मंदिर से पेट्रोल पंप मार्ग तथा चौधरी गार्डन के सामने की सड़क का निरीक्षण किया।

नगर आयुक्त साई तेजा ने बताया कि क्षेत्र में पेयजल पाइपलाइन का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि अंडरग्राउंड विद्युत वायरिंग और फुटपाथ निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है।

महापौर ने निर्माण सामग्री के मलबे और वर्षा के कारण हुए कीचड़ पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को नियमित सफाई कराने और आवागमन बाधित न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर में स्थित क्षतिग्रस्त कल्याणी द्वार की जर्जर स्थिति देखकर महापौर ने उसके पुनर्निर्माण का निर्णय लिया और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।

इसके बाद महापौर ने गऊघाट एसटीपी का निरीक्षण कर पंपों की संचालन व्यवस्था की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में तीन पंप संचालित हैं। पूर्व में पंप संचालन प्रभावित होने के कारण बाई का बाग क्षेत्र में जलभराव की समस्या उत्पन्न हुई थी।

महापौर ने इसके बाद पार्षद किरण जायसवाल के साथ बाई का बाग क्षेत्र का निरीक्षण किया, जहां कई गलियों में वर्षा का पानी जमा मिला। जांच में मजार के पास सीवर लाइन में अवरोध मिलने पर उन्होंने मौके पर ही सीवर लाइन की तत्काल सफाई कर जल निकासी सुचारु करने के निर्देश दिए। साथ ही भविष्य में जलभराव की समस्या न हो, इसके लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य केवल विकास कार्य कराना नहीं, बल्कि उन्हें तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कर नागरिकों और श्रद्धालुओं को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। धार्मिक स्थलों, प्रमुख मार्गों और जलभराव वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।