जौनपुर में मूसलाधार बारिश से बदला मौसम, तापमान 2 डिग्री गिरा; उमस से राहत, किसानों के चेहरे खिले

जौनपुर में मूसलाधार बारिश से बदला मौसम, तापमान 2 डिग्री गिरा; उमस से राहत, किसानों के चेहरे खिले

जौनपुर में मूसलाधार बारिश से बदला मौसम, तापमान 2 डिग्री गिरा; उमस से राहत, किसानों के चेहरे खिले

जौनपुर,02 जुलाई । यूपी के जौनपुर में गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे हुई मूसलाधार बारिश ने जौनपुर का मौसम पूरी तरह बदल दिया। बारिश के बाद अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली। मौसम सुहावना होने से लोगों ने राहत की सांस ली, वहीं किसानों के लिए भी यह बारिश किसी संजीवनी से कम नहीं रही।पिछले तीन दिनों से जिले में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित था। बुधवार को कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई थी, जिसके बाद अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। गुरुवार की तेज बारिश के बाद अधिकतम तापमान घटकर 34 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के चलते वातावरण में ठंडक घुल गई और उमस से काफी राहत मिली।राज्य मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक जिले में बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में मौसम सुहावना रहने के आसार हैं।गौरतलब है कि जिले में मानसून की पहली अच्छी बारिश बुधवार सुबह 10:30 बजे से शाम तक रुक-रुक कर हुई थी। कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश ने गर्मी से बेहाल लोगों को राहत दी थी। गुरुवार की मूसलाधार बारिश ने इस राहत को और बढ़ा दिया।बारिश का सबसे अधिक फायदा किसानों को मिला है। हरे चारे, सब्जियों और धान की नर्सरी को पर्याप्त नमी मिलने से फसलों की बढ़वार तेज होने की उम्मीद है। किसान अब धान की रोपाई के लिए खेतों की जुताई आसानी से कर सकेंगे। जिन किसानों की अगेती बेहन तैयार हो चुकी है, उन्होंने रोपाई भी शुरू कर दी है। बलुअर मिट्टी वाले क्षेत्रों को छोड़कर करैल और दोमट मिट्टी वाले अधिकांश खेतों में पानी भरने लगा है, जिससे खरीफ की खेती को मजबूती मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे किसानों के साथ-साथ आम लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।