रायबरेली में पुलिस भर्ती की दौड़ बनी अभ्यर्थियों के लिए मुसीबत, 15 अभ्यर्थी ट्रैक पर बेहोश; अस्पताल में भर्ती
पीएसी मैदान में 4.8 किलोमीटर की दौड़ के दौरान बिगड़ी अभ्यर्थियों की तबीयत, 14 को उपचार के बाद मिली छुट्टी, एक का इलाज जारी
रायबरेली, 04 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के रायबरेली ज़िले में रविवार को पुलिस भर्ती के लिए चल रही दौड़ में 15 अभ्यर्थी बेहोश हो गए। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने सभी को जिला अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया है। जहां इलाज़ के बाद 14 अभ्यर्थियों को छुट्टी दे दी गई है जबकि एक अभ्यर्थी का इलाज चल रहा है। अभ्यर्थियों ने पुलिस भर्ती में भारी अव्यवस्था होने की बात कही है।
ज़िले के पीएसी मैदान पर रविवार को पुलिस भर्ती के लिये शारीरिक दक्षता परीक्षा हो रही थी। इसमें अभ्यर्थियों को 25 मिनट में 4.8 किमी की दौड़ पूरी करनी थी।रविवार को सुबह आठ बजे से दौड़ शुरू हुई जिसमें कई अभ्यर्थी शामिल थे। यह अभ्यर्थी अयोध्या, फतेहपुर, रायबरेली, बाराबंकी, लखनऊ व सुल्तानपुर के रहने वाले थे। दौड़ में तीसरे राउंड के पहले ही कई अभ्यर्थी अचानक ट्रैक पर ही गिरने लगे और बेहोश हो गए। यह देख मौजूद पुलिसकर्मियों ने एम्बुलेंस से सभी को ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद 14 अभ्यर्थियों को छुट्टी दे दी गई लेकिन एक का इलाज़ किया जा रहा है।
इस घटना को लेकर अभ्यर्थियों में काफ़ी रोष है, उनका कहना है कि दौड़ सुबह पांच बजे निर्धारित थी लेकिन इसे 8 बजे के बाद शुरू करवाया गया।छाया और पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं थी।सुबह से ही सभी भूखे-प्यासे होकर दौड़ रहे थे, जिससे यह घटना हुई है। दौड़ के दौरान बेहोश हुए अभ्यर्थियों में सौरभ, सत्यम, रितेश गुप्ता, गौरव यादव, अभिषेक, अंकित पटेल, विशाल, कुलदीप, अश्वनी, विशाल पांडे, राजवीर, शैलेन्द्र, अटल तिवारी, प्रतीक सिंह व अर्पण मिश्रा हैं।अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार सिंह ने बताया कि दौड़ के दौरान गिरे अभ्यर्थियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, सभी ठीक हैं।व्यवस्थाओं को परखा जा रहा है।