प्रतापगढ़ में बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आए बाइक सवार, दो युवकों की मौत; दो गंभीर

प्रतापगढ़ में बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आए बाइक सवार, दो युवकों की मौत; दो गंभीर

प्रतापगढ़ में बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आए बाइक सवार, दो युवकों की मौत; दो गंभीर

प्रतापगढ़, 19 नवंबर । उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के मीरापुर के पास गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा में टेंट का सामान लादकर जा रही ओवरलोड ट्रैक्टर - ट्रॉली बेकाबू हो गई। चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद चालक फरार हो गया।

उदयपुर थाना क्षेत्र के पूरे चैन खानीपुर का पुरवा निवासी आकाश सरोज (25) पुत्र वीरेंद्र, शैलेंद्र कुमार सरोज (23) पुत्र संत लाल, 22 वर्षीय आकाश सरोज (22) पुत्र किशन सरोज और अमरेश सरोज (22) पुत्र शिवराज दो बाइक से घर से मनगढ़ मंदिर दर्शन और बेंती में श्रीराम कथा सुनने की बात कहकर घर से निकले थे। दर्शन के बाद मीरापुर के पास चारों युवकों ने आगे चल रहे ट्रैक्टर ट्राली को ओवरटेक करने का प्रयास किया। ट्राली पर टेंट के बर्तन और सामान लदा था।

इसी दौरान ट्रॉली से बाहर निकला लोहे का पाइप बाइक से टकरा गया। बाइक अनियंत्रित होकर ट्रॉली की चपेट में आ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने आकाश सरोज और शैलेंद्र कुमार सरोज को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

सूचना पर संग्रामगढ़ थाना प्रभारी सिद्धार्थ सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर बाधित यातायात को बहाल कराया। शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। एसओ सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।