देवरिया :दुग्धेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठी छोटी काशी

देवरिया :दुग्धेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठी छोटी काशी

देवरिया :दुग्धेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठी छोटी काशी

देवरिया, 10 अगस्त । सावन के द्वितीय सोमवार को छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध रुद्रपुर स्थित पौराणिक दुग्धेश्वर नाथ मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर होते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की लंबी कतार लग गई। मंदिर के कपाट खुलते ही हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।

रुद्रपुर का दुग्धेश्वर नाथ मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। सावन के महीने में यहां देवरिया के अलावा आसपास के जनपदों और दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवड़िये पहुंचते हैं। मान्यता है कि भगवान शिव के इस प्राचीन धाम में सावन के सोमवार को जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी धार्मिक एवं पौराणिक महत्ता के कारण रुद्रपुर को छोटी काशी के नाम से भी जाना जाता है।

सावन के दूसरे सोमवार को कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में रात से ही विशेष तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन और जलाभिषेक कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने दुग्धेश्वर नाथ मंदिर का भ्रमण किया। उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। मंदिर में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के पहुंचने तथा जलाभिषेक का सिलसिला जारी रहा।

सावन के दूसरे सोमवार को दुग्धेश्वर नाथ मंदिर सहित पूरे रुद्रपुर क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। हर ओर भगवान शिव के जयकारे सुनाई देते रहे और श्रद्धालु आस्था के साथ पूजा-अर्चना में जुटे रहे।