प्रयागराज में 41वीं इंदिरा मैराथन का आयोजन, पहली हाफ मैराथन में पुष्पा और विशाल बने विजेता
प्रयागराज में 41वीं इंदिरा मैराथन का आयोजन, पहली हाफ मैराथन में पुष्पा और विशाल बने विजेता
प्रयागराज, 19 नवंबर। संगम नगरी में गुरुवार को 41वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन और पहली हाफ मैराथन का आयोजन किया गया। आनंद भवन से सुबह 6:30 बजे शुरू हुई दोनों प्रतियोगिताओं का मंडलायुक्त लोकेश एम. ने दीप प्रज्ज्वलित करने के बाद हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। पूर्ण मैराथन में 436 और हाफ मैराथन में 492 धावकों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के समापन पर महिला और पुरुष वर्ग में पहले 14 स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्धारित कार्यक्रम और जिला प्रशासन के सहयोग से क्षेत्रीय खेल कार्यालय की ओर से प्रतियोगिता आयोजित की गई।
शुभारंभ अवसर पर मंडलायुक्त डॉ लोकेश एम ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह, पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और अपर जिलाधिकारी नगर मंगलेश दुबे सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूर्ण मैराथन के पुरुष वर्ग में 396 और महिला वर्ग में 40 धावकों ने हिस्सा लिया। वहीं, पहली बार आयोजित हाफ मैराथन के पुरुष वर्ग में 421 और महिला वर्ग में 71 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। इस प्रकार दोनों प्रतियोगिताओं में कुल 928 धावकों ने हिस्सा लिया।
महापौर और खेल निदेशक ने किया पुरस्कार वितरण
दोनों मैराथन के समापन के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी और मुख्य अतिथि खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। महिला और पुरुष वर्ग में पहले 14 स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को सम्मानित किया गया। समापन समारोह में सेवानिवृत्त क्रीड़ाधिकारी एवं उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स संघ के उप सचिव रुस्तम खान, जिला एथलेटिक्स संघ प्रयागराज के सचिव सत्येंद्र सिंह, फतेहपुर के क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार भारतीय, महोबा के संदीप गुप्ता, चित्रकूट के अरविंद कुमार सोनकर, अंबेडकरनगर के डॉ. मंजूर आलम अंसारी, देवरिया के राजेश कुमार गौड़, बस्ती के दिलीप कुमार, प्रयागराज के उप क्रीड़ाधिकारी राजबीर सिंह, प्रतापगढ़ के रंजीत कुमार यादव और कौशांबी के अजय प्रताप साहू सहित अन्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी शिवकुमार यादव की देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
पूर्ण मैराथन के महिला वर्ग में उत्तर प्रदेश पुलिस की नीतू कुमारी ने 2 घंटे 54 मिनट 57 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं, पुरुष वर्ग में उत्तराखंड के प्रदीप चौधरी 2 घंटे 22 मिनट एक सेकंड का समय निकालकर विजेता बने। दोनों वर्गों के विजेताओं को दो-दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
पूर्ण मैराथन के महिला वर्ग में नीतू अव्वलमहिला वर्ग में नीतू कुमारी ने पहला स्थान हासिल किया। बलिया की संध्या यादव 3 घंटे 7 मिनट 21 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। लखनऊ की अन्नू ने 3 घंटे 7 मिनट 36 सेकंड में दौड़ पूरी कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान की धाविका को एक लाख और तीसरे स्थान की धाविका को 75 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा।
महिला वर्ग में सांत्वना पुरस्कार पाने वाली खिलाड़ियों में मिर्जापुर की आकांक्षा सिंह, मेरठ की डॉली गिरि, भदोही की साधना, प्रयागराज की शिलोचना, मुरादाबाद की मंजू, प्रयागराज की रेशम, मुरादाबाद की मंजू, बलिया की नेहा यादव, प्रयागराज की प्राची, प्रयागराज की मिश्रा कुमारी और इटावा की कुमारी पूनम शामिल हैं। प्रत्येक को 10 हजार रुपये दिए जाएंगे।पुरुष वर्ग में प्रदीप चौधरी ने मारी बाजीपुरुष वर्ग में उत्तराखंड के प्रदीप चौधरी ने 2 घंटे 22 मिनट एक सेकंड में मैराथन पूरी कर पहला स्थान प्राप्त किया। मुंबई के राज तिवारी 2 घंटे 22 मिनट 13 सेकंड के साथ दूसरे और एनएसजी के निर्भय सिंह 2 घंटे 22 मिनट 25 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे। विजेता को दो लाख, उपविजेता को एक लाख और तीसरे स्थान पर रहने वाले धावक को 75 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। पुरुष वर्ग में सांत्वना पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों में राजस्थान के मुकेश कुमार, प्रतापगढ़ के जितेंद्र कुमार, वाराणसी के सतीश कुमार, राजस्थान के योगेश कुमार शर्मा, मध्य प्रदेश के पंकज कुमार पटेल, इंदौर के रवि कुमार पाल, लखनऊ के राज शेखर पाठक, अमेठी के उमेश प्रजापति, मध्य प्रदेश के अंकित वर्मा, बरेली के प्रदीप कुमार और प्रयागराज के उत्सव शामिल हैं। प्रत्येक खिलाड़ी को 10 हजार रुपये दिए गए।हाफ मैराथन में पुष्पा और विशाल बने विजेताप्रथम हाफ मैराथन के महिला वर्ग में प्रयागराज की पुष्पा यादव ने 1 घंटा 29 मिनट में दौड़ पूरी कर पहला स्थान प्राप्त किया। मिर्जापुर की कविता कुमारी 1 घंटा 29 मिनट 9 सेकंड के साथ दूसरे और कौशांबी की प्रीति यादव 1 घंटा 30 मिनट 12 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। इन्हें क्रमश: 51 हजार, 21 हजार और 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। महिला वर्ग में सांत्वना पुरस्कार के लिए अयोध्या हॉस्टल की सुष्मिता यादव, जबलपुर की रजनी पटेल और प्रयागराज की हेमा कुमारी का चयन किया गया। प्रत्येक को 5100 रुपये दिया गया। पुरुष वर्ग की हाफ मैराथन में जौनपुर के विशाल यादव ने 1 घंटा 4 मिनट 51 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। संत रविदास नगर के सतीश कुमार वर्मा 1 घंटा 5 मिनट 14 सेकंड के साथ दूसरे और राजस्थान के मुकेश कुमार 1 घंटा 6 मिनट 7 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इन्हें क्रमश: 51 हजार, 21 हजार और 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। पुरुष वर्ग में सांत्वना पुरस्कार पाने वालों में प्रयागराज के मनी कुमार, कौशांबी के आकाश कुमार और फिरोजाबाद के उमेंद्र गौतम शामिल हैं। प्रत्येक को 5100 रुपये की पुरस्कार राशि दिया गया। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर इंदिरा मैराथन को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान दिलाई। खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने लंबी दूरी की दौड़ के प्रति युवाओं में बढ़ते उत्साह और खेल प्रतिभा को प्रदर्शित किया।