दलित, युवा और विकास विरोधी सपा का सदन में आचरण शर्मनाक : योगी आदित्यनाथ

दलित, युवा और विकास विरोधी सपा का सदन में आचरण शर्मनाक : योगी आदित्यनाथ

दलित, युवा और विकास विरोधी सपा का सदन में आचरण शर्मनाक : योगी आदित्यनाथ

लखनऊ, 05 अगस्त । उत्तर प्रदेश के विधानमंडल के मानसून सत्र में बुधवार को भी हंगामा और नारेबाजी जारी रही। सदन में समाजवादी पार्टी (सपा) के हंगामे और विरोध पर नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा लोकतंत्र, दलित और समाज विरोधी है। इसका विकास से कोई मतलब नहीं है, इसीलिए अनुपूरक बजट की चर्चा में विकास के मुद्दे पर बात नहीं कर रही है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की प्रतिबद्धता विकास की है और रहेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से चर्चा करते हुए समाजवादी पार्टी को विकास, युवा, महिला और लोकतंत्र विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने 59 हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट पेश किया लेकिन इसमें भी सपा ने तरह-तरह की अड़चनें लगायी, जबकि इस अनुपूरक बजट में आंगनवाड़ी कार्यकत्री, रसोइयों, कोटेदारों, चौकीदारों और आशा कार्यकत्रियों के मानदेय वृद्धि और एक्सप्रेसवे निर्माण से जुड़े प्रस्ताव थे। इससे समाज के सभी लोगों का विकास होना है। इतना ही नहीं इस अनपुरक बजट में संविधान निर्माता डाॅ भीमराव अंबेडकर, संत रविदास, समाज सुधारक ज्योतिबा फुले, लोकमाता अहिल्याबाई आदि की प्रतिमाओं की स्थापना, रखरखाव और बाउंड्रीवाल निर्माण आदि के लिए भी अनुपूरक बजट में व्यवस्था की गयी है, लेकिन समाजवादी पार्टी के सदस्याें ने सदन में अपना दलित विरोधी चेहरा दिखा दिया कि उसमें इन महापुरुषों के प्रति सम्मान का भाव नहीं है।

विधानसभा सदन से बाहर मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने प्रदेश के हजारों शिक्षामित्रों के मानदेय में भी बाधाएं खड़ी की थी, लेकिन हमारी सरकार ने मानदेय बढ़ाकर 18 हजार रुपये कर दिया है और अनुदेशकों का भी मानदेय बढ़ाया। इसी प्रकार अनुपूरक बजट में प्रदेश के विकास के साथ ही विभिन्न जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों, कार्यों को लेकर योजनाओं व प्रस्तावों को शामिल किया गया है, लेकिन सपा तो विकास और लोकतंत्र विरोधी है। हम प्रदेश की जनता को आश्वस्त करना चाहते हैं कि समाजवादी पार्टी के विकास विरोधी रवैये के बावजूद डबल इंजन सरकार लगातार प्रदेश के विकास के लिए काम करता रहेगा और विकास में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने देगा।