इलाहाबाद-झांसी स्नातक चुनाव की तैयारी में जुटी BJP, हर बूथ पर जीत का लक्ष्य

अवधेश चंद्र गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को प्रतिदिन 20 मतदाताओं से संपर्क करने के निर्देश दिए, 16 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

इलाहाबाद-झांसी स्नातक चुनाव की तैयारी में जुटी BJP, हर बूथ पर जीत का लक्ष्य

प्रयागराज, 10 अक्टूबर । इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन में हर बूथ पर जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ भाजपा कार्यकर्ता जुट जाएं। विधानसभा संयोजक और प्रभारी, मतदान केंद्रों के संयोजकों के साथ बैठक कर बूथ स्तर पर चुनावी रणनीति तैयार करें। प्रत्येक कार्यकर्ता प्रतिदिन 20 मतदाताओं से संपर्क करे और मतदाता प्रमुख बनाने की योजना पर काम करे। यह बातें भाजपा काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष एवं इलाहाबाद-झांसी स्नातक चुनाव के सह संयोजक अवधेश चंद्र गुप्ता ने शनिवार को सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में कहीं।

उन्होंने कहा कि स्नातक निर्वाचन की तैयारियों में सभी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। 16 अक्टूबर तक सघन मतदाता संपर्क अभियान चलाया जाएगा। मंडल अध्यक्ष और शक्ति केंद्रों की टीमें पूरी तत्परता से जुटकर मतदाताओं से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन और बेहतर समन्वय से चुनावी तैयारियों को गति दी जा सकती है।

12 अक्टूबर को अधिवक्ता सम्मेलन

बैठक में चुनाव से जुड़े आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। अवधेश चंद्र गुप्ता ने बताया कि 12 अक्टूबर को जिला पंचायत सभागार में अधिवक्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 15 से 18 अक्टूबर तक स्नातक मतदाता सम्मेलन होंगे। उन्होंने विधानसभा संयोजकों और प्रभारियों से इन कार्यक्रमों की तैयारी समय से पूरी करने तथा मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।

तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 57 बूथ

बैठक में शहर उत्तरी, शहर दक्षिणी और शहर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई। इन तीनों क्षेत्रों में कुल 57 बूथ हैं। शहर उत्तरी में 10 मतदान केंद्रों पर 30 बूथ, शहर दक्षिणी में आठ मतदान केंद्रों पर 14 बूथ और शहर पश्चिमी में छह मतदान केंद्रों पर 13 बूथ हैं। अवधेश चंद्र गुप्ता ने सभी बूथों पर कार्यकर्ताओं को पूरी मेहनत और लगन से काम करने के निर्देश दिए।

बैठक में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, रणजीत सिंह, विक्रमजीत सिंह भदौरिया, डॉ. शैलेश पांडेय, रमेश पासी, अनुज कुशवाहा, राजू राय, प्रमोद मोदी, वरुण केसरवानी, ज्ञानेश्वर शुक्ला, विजय श्रीवास्तव, सचिन जायसवाल, अजय सिंह, दीप द्विवेदी, दिलीप केसरवानी, मनोज मिश्रा, आशुतोष पांडेय, नीरज दीक्षित, कौशिकी सिंह, विश्वास श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, पवन श्रीवास्तव और सुजीत कुशवाहा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।